राजनांदगांव

राजनांदगांव, 23 मार्च। खैरागढ़ के पूर्व विधायक गिरवर जंघेल ने बेमौसम बारिश से फसल को हुए नुकसान का सर्वे जल्द कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों को हुए नुकसान को देखते फसलों का सर्वे कराया जाए। इसके बाद बीमा कंपनी किसानों को जल्द ही मुआवजा क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करें।
किसानों को राहत देने पूर्व विधायक गिरवर जंघेल ने प्रशासन से तत्काल फसल का सर्वे शुरू करने की मांग की है, ताकि किसानों को समय पर मुआवजा राशि प्रदान की जा सके। किसानों को फसल बीमा का लाभ देने की बात भी पूर्व विधायक ने कही है। ज्ञात हो कि फसलों को हुए नुकसान को लेकर क्षेत्र के किसानों ने पूर्व विधायक जंघेल को जानकारी दी है। इसे देखते हुए श्री जंघेल ने प्रशासनिक अमले से सक्रियता दिखाते सर्वे शुरू करने की बात कही है। सप्ताहभर से जारी बारिश ने रबी फसल को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।