महासमुन्द

हिंदू नववर्ष के स्वागत में निकाली शोभा यात्रा
23-Mar-2023 2:44 PM
हिंदू नववर्ष के स्वागत में निकाली शोभा यात्रा

दो किमी लंबी यात्रा में धुमाल, ढोल-नताशे के साथ जय श्रीराम के नारे लगे

घर-घर दीप जले, रंगोली सजी महाराष्ट्र से पहुंची ढोल ताशा दल आकर्षण का कें द्र रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मार्च।
चैत्र प्रतिपदा एकम हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में कल शाम नव वर्ष उत्सव समिति के आह्वान पर महासमुंद शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा के दौरान पूरा शहर भगवामय हो चुका था। शोभायात्रा शाम 5 बजे तुमगांव मार्ग स्थित मां शारदा मंदिर से प्रारंभ। श्री रामचंद्र की आदमकद कटआउट लगे सुसज्जित वाहन के आगे भगवा ध्वज थामे बड़ी संख्या में नौजवानों की टीम चल रही थी। पीछे धुमाल पार्टी, राउत नाचा दल, पंथी नृत्य दल, कर्मा दल के कलाकार नाचते गाते चल रहे थे।
इस दौरान युवतियां सिर पर लाल पगड़ी, त्रिकुण्ड धारण कर हाथ में तलवार लेकर जय श्री राम का उद्घोष कर रही थी। शोभा यात्रा के बीच में महाराष्ट्र से पहुंची ढोल ताशा दल के कलाकार बड़े ही जोश में वादन-गायन कर रहे थे जो आकर्षण का कें द्र रहा। राउत नाचा, पंथी दल, कोसरंगी गुरुकुल के बच्चे शौर्य प्रदर्शन करते चल रहे थे। रास्ते से गुजरते शोभायात्रा का लोगों ने आरती पूजन, श्रीफल अर्पित कर स्वागत किया। नयापारा शारदा मंदिर से निकली यह शोभायात्रा बरोंडा चौक स्थित मंदिर तक गई। लगभग दो किलोमीटर तक लोगों का समूह जय श्रीराम के नारे लगाते चलते रहे।   

इस बार आयोजन समिति ने कुछ नया करने की लालसा से 8 फिट कद काठी वाले हनुमान बनने वाले कलाकार को शोभायात्रा में शामिल किया था। जो हनुमान की वेशभूषा में पूरी यात्रा के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा। लोग इस कलाकार के साथ सेल्फी लेते रहे। हालांकि शाम अंधड़ के साथ बारिश हुई लेकिन  लोग बारिश के बीच भी थिरकते रहे। शोभा यात्रा में पुरुष वर्ग सफेद वस्त्रों में भगवा गमछा पहने हुए थे। वहीं महिलाएं लाल-पीली साड़ी में सजी-धजी नजर आ रही थीं।

जानकारी अनुसार यह महासमुंद के इतिहास में सबसे बड़ी शोभा यात्रा थी जिसमें लगभग 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। इस यात्रा के लिए शहर के तमाम हिंदुओं ने एकमत होकर रासि एकत्र किया था। इसके लिए एक दिन पहले प्रमोद चंद्राकर, विक्रम ठाकुर आदि ने प्रेसवार्ता लेकर जानकरी दी थी कि यह शोभा यात्रा राजनीतिक नहीं बल्कि तमाम हिंदू संगठनों की ओर से निकाली जाएगी। समिति की ओर से   शहर की गलियों को भगवा ध्वज से सजाया गया था। सडक़ पर इस त्यौहार का असर साफ दिख रहा था।  

यात्रा शुरू होने से पहले शारदा मंदिर में संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने भगवान राम की पूजा की। बाद इसके तुमगांव मार्ग स्थित शारदा मंदिर परिसर से शोभायात्रा प्रारंभ हुई। इस दौरान शहर के चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। पटाखे फोड़े गए। संगीत कार्यक्रम रखा गया। शहर के 30 वार्डों में लोगों ने अपने घरों के सामने दीये जलाए। घरों के सामने रंगोली बनाई। गुडरूपारा दुर्गा चौक से लेकर बजरंग चौक तक घरों के सामने दीप मालिकाएं देर रात तक सजी रही।

इस दौरान आंबेडकर चौक से बरोंडा चौक तक यातायात घंटों प्रभावित रहा। डिवाइडर के एक तरफ  शोभायात्रा और दूसरी तरफ  यातायात खोलकर रखा गया था। विपरीत दिशाओं से आई दो एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। दुर्गा मंदिर के सामने शोभायात्रा में शामिल भक्तों के लिए श्रीराम क्लीनिक सुभाष नगर के संचालक डॉ. एस एन गुप्ता के सौजन्य से 10 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह प्रसाद व्यवस्था की गई।

संस्कार सेवा समिति ने एकता चौक, माहेश्वरी समाज एकता चौक, गुप्ता समाज एकता चौक, चंद्रनाहु कुर्मी समाज ओवर ब्रिज, उज्जवल उत्सव समिति ओवर ब्रिज, करण महंती समाज स्वामी चौक, जिला साहू संघ नेहरू चौक, ब्राह्मण समाज व निखिल कांत साहू सभापति कचहरी चौक, बजरंग दल समेत कई समितियों ने बरोंडा चौक के समीप शीतल पेय तथा जलपान से स्वागत किया। शोभायात्रा में विधायक विनोद चन्द्राकर,नपाध्यक्ष राशि महिलांग, डॉ. विमल चोपड़ा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, इंद्रजीत सिंह गोल्डी, धर्मेंद्र सिंह ठाकुर, कौशिल्या बंसल, देवीचंद राठी, शकील खान, दिनेश बेहरा, खिलावन बघेल, मीना वर्मा, विमला चंद्राकर, बबलू हरपाल, शोभा शर्मा, डमरूधर मांझी, विनोद रात्रे, विक्रम ठाकुर, शुभ्रा मनीष शर्मा, प्रमोद चंद्राकर, जोली पाल, अजय गिरी, प्रेम चंद्राकर, घनश्याम सोनी, लालविजय सिंहदेव, रिंकू चंद्राकर, नंदू जलक्षत्री, मनोजकांत साहू, विपिन शर्मा, अरुण साहू, गोपी कन्नोजे, राजू गिरी,  अर्चना चंद्राकर, संतोष यादव, ईश्वर सिन्हा, महेंद्र वर्मा, सचिन साहू, संतोष बनोटे, राजेश डड़सेना सहित बड़ी संख्या में नागरिकजन शामिल हुए।

बरोंडा चौक में दुर्गा मंदिर के सामने शोभायात्रा में शामिल भक्तों के लिए श्रीराम क्लीनिक सुभाष नगर के संचालक डॉ. एसएन गुप्ता के सौजन्य से 10 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news