धमतरी

महिला कमांडो का फूल बरसाकर किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 24 मार्च। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 75 महिला कमांडो दिल्ली से बाइक रैली लेकर धमतरी पहुंची। यहां घड़ी चौक के पास निगम ओर पुलिस प्रशासन की ओर से उन पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया।
महिला कमांडो चीफ ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए उन्होंने पिछले 9 मार्च से दिल्ली से बाइक रैली निकाली है। करीब 1800 किमी का सफर तय कर वे आज कुरुद से होते हुए धमतरी पहुंची। इसकी जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शरद लोहाना, दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष मोहन लालवानी, महापौर विजय देवांगन, सभापति अनुराग मसीह, पार्षद समेत महिला पुलिस अधिकारी और जवानों ने उन्हें फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इसके तहत सीआरपीएफ की महिला कमांडो 18 सौ किमी की बाइक रैली निकाली। इसमें 75 महिला बाइक राइडर्स शामिल हैं। गुरुवार को दोपहर 1 बजे वे रायपुर से होते हुए धमतरी पहुंची हैं। उन्होंने आगे बताया कि उनका काफिला दिल्ली के इंडिया गेट से रवाना हुआ है। वे धमतरी से सीधे जगदलपुर जाएंगी। वे यहां महिला पुलिस जवानों को महिलाशक्तिकरण का संदेश देंगी।
मौके पर जीव जंतु सलाहकार, बोर्ड के सदस्य मदन मोहन खंडेलवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी गोपाल शर्मा, पंडित राजेश शर्मा, पार्षद राजेश पांडे, अवैश हाशमी, ममता शर्मा, नीलू पवार, सुशीला तिवारी, श्यामा साहू, ज्योति वाल्मीकी, राही यादव, गजानंद रजक, कामिनी कौशिक, ऊषा गुप्ता, प्रभा श्रीवास्तव, जानकी गुप्ता, ब्लाक अध्यक्ष आकाश गोलछा, विभा शर्मा, शास्त्री सोनवानी आदि मौजूद रहे।