रायगढ़

सात साल से दे रहा स्टार स्तरीय सुविधाएं व सेवा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 मार्च। अपनी सेवा और सुविधाओं के लिए यात होटल ट्रिनिटी ग्रैंड ने एक और खास मुकाम हासिल कर लिया है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की टीम ने होटल को चार सितारा का तमगा दिया है। यह सर्टिफिकेट पाने वाला रायगढ़ का एकमात्र और छग का तीसरा होटल है।
करीब सात सालों से होटल ट्रिनिटी ने रायगढ़ समेत पूरे देश के होटल व्यवसाय के क्षेत्र में जबर्दस्त पहचान बनाई है। बहुत ही कम समय में ट्रिनिटी ने पहले थ्री स्टार और अब फोर स्टार की उपाधि भी हासिल कर ली है। हाल ही में छग पर्यटन मंत्रालय के चार सदस्य और पर्यटन मंत्रालय केंद्र सरकार से तीन सदस्यों का दल होटल के निरीक्षण पर आया था। दो दिन तक सदस्यों ने होटल में दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। अब होटलों को स्टार रेटिंग देने का काम ऑनलाइन हो चुका है। होटलों का निरीक्षण करने के बाद फोटोग्राफ सहित पोर्टल में जानकारी दर्ज की जाती है। इसके आधार पर नई दिल्ली में एक कमेटी इसका निर्णय लेती है। होटल ट्रिनिटी की पूरी जानकारी पोर्टल में अपलोड करने के बाद इसे फोर स्टार की रेटिंग दी गई है। पर्यटन मंत्रालय ने सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया है।
बहुत कम समय में पाया ऊंचा मुकाम
छग में फोर स्टार कैटेगरी के केवल तीन होटल हैं। रायपुर-बिलासपुर में एक-एक होटल को ही यह कामयाबी मिली है। अब इसमें होटल ट्रिनिटी का नाम भी जुड़ गया है। होटल के संचालक सरनदीप सिंह सलूजा का कहना है कि उन्होंने यहां आने वाले आगंतुकों की सुविधाओं को स्तरीय बनाने में ध्यान दिया है। इसी वजह से महज सात साल में होटल ने फोर स्टार रेटिंग हासिल कर ली।