राजनांदगांव

प्रति एकड़ बीस क्विंटल खरीदी से बढ़ेगा 4 अरब का भुगतान
25-Mar-2023 12:54 PM
प्रति एकड़ बीस क्विंटल खरीदी से बढ़ेगा 4 अरब का भुगतान

सवा दो लाख किसानों को सीधा फायदा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मार्च।
सूबे की कांग्रेस सरकार के प्रति एकड़ धान खरीदी के मौजूदा दायरे को बढ़ाकर 20 क्विंटल करने के ऐलान ने किसानों को सीधा फायदा  मिलने का मार्ग प्रशस्त किया है। किसानों पर सरकार की मेहरबानी का असर चुनावी साल में सत्तारूढ़ दल को मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में प्रति एकड़ 15 क्विंटल की खरीदी सरकार करती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रति एकड़ 5 क्विंटल की बढ़ोतरी कर आगामी वर्ष से 20 क्विंटल खरीदी करने की घोषणा की। राजनांदगांव समेत खैरागढ़ और मोहला मानपुर जिले के सवा दो लाख किसानों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।

नए सत्र में सरकार द्वारा लगभग 20 लाख क्विंटल की अतिरिक्त खरीदी की जाएगी। वहीं किसानों को 4 अरब रुपए का भुगतान किया जाएगा। सरकार के फैसले ने किसानों की खुशियां में चार-चांद लगा दी है। संयुक्त राजनांदगांव जिले में 2 लाख 15 हजार से ज्यादा किसान अपनी ऊपज बेचते हैं। बीते साल किसानों से सरकार ने 92 लाख क्विंटल का लक्ष्य रखा गया था। 31 जनवरी तक लक्ष्य से करीब 7 लाख क्विंटल ज्यादा की खरीदी की गई। आने वाले समय में यह आंकड़ा सवा लाख करोड़ से ज्यादा होने का अनुमान है। 20 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी करने ऐलान के साथ भुगतान की राशि में भी बढ़ोत्तरी होगी। एक जानकारी के मुताबिक मौजूदा पंजीकृत किसानों की संख्या के आधार पर ही सरकार को जिले के किसानों को लगभग 2 हजार करोड़ से ज्यादा का भुगतान करना पड़ेगा। जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।

बताया जाता है कि लंबे समय से खरीदी का दायरा बढ़ाने के लिए किसान संगठन आवाज उठा रहे थे। कई किसान संगठनों ने धरना प्रदर्शन और रैलियां भी की। किसानों की लंबी मांग के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने चुनावी वर्ष में लिमिट को बढ़ाने का ऐलान कर दिया। बताया जा रहा है कि चुनावी साल में कांग्रेस सरकार के इस फैसले का राजनीतिक लाभ भी सत्तारूढ़ दल को मिलेगा। किसानों के लिए जिस तरह से पूरे 5 साल कांग्रेस सरकार ने सिलसिलेवार घोषणाओं से रियायतों का पिटारा खोला, उससे यह साफ है कि बतौर मतदाता किसान निर्णायक स्थिति में रहेंगे। समर्थन मूल्य में साल के अंत में धान खरीदी होने से किसानों की आर्थिक ताकत स्वभाविक रूप से बढ़ेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news