राजनांदगांव

राहुल की सांसदी छीनने से भडक़े कांग्रेस ने पीएम का तो भाजपा ने फूंका सीएम का पुतला
26-Mar-2023 12:03 PM
राहुल की सांसदी छीनने से भडक़े कांग्रेस ने पीएम का तो भाजपा ने फूंका सीएम का पुतला

दोनों दल ने एक-दूसरे पर नारेबाजी करते लगाए आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सांसदी छीनने से भडक़ी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका तो विरोध में भाजपा ने भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। दोनों राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते आरोपों की झड़ी लगाई। कांग्रेस की युवा विंग और एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से प्रधानमंत्री और भाजपा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही भाजपा ने भी विरोध जताते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं का रूख आक्रमक रहा। पुलिस को पुतला फंूकने पर आमादा कार्यकर्ताओंं को रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। युवक कांग्रेस ने एनएसयूआई संग मिलकर  स्थानीय भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। नारेबाजी करते हुए जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़ रहे थे, पुलिस को प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए जोर आजमाईश करनी पड़ी। स्थानीय अग्रवाल ट्रांसपोर्ट चौराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बेरिकेट्स भी लगाए गए थे। कांग्रेसियों ने प्रदर्शन में खलल पैदा करने की कोशिश करते पुलिसकर्मियों को देखते ही आक्रमक रूख अख्तियार कर लिया। पुलिस और कांग्रेसियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। इस बीच कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की भनक लगते ही भाजपा ने भी जवाबी हमला करते हुए मुख्यमंत्री और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर दी। भाजपा कार्यकर्ताओं का घेराव करने की खबर मिलते ही विरोध  जताते हुए कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में पहुंच गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी विरोध में सीएम का पुतला फूंका। इस बीच भाजपा और कांगे्रस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान 100 मीटर के दायरे में नारेबाजी होती रही। पुलिस जवानों ने दोनों हिस्सों को बेरिकेटिंग से सम्हालकर रखा था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला फूंकने की कोशिश की, पुलिस ने पुतला जलाने में डटे कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की।

एनएसयूआई पूर्व प्रदेश संयुक्त महासचिव राजा यादव ने कहा कि बीजेपी की केंद्र सरकार राहुल से इस तरह से डर गई है कि उनके ऊपर फर्जी केसों को लगा कर उनकी आवाज को रोकने का प्रयास कर रही है।  डोंगरगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ वैष्णव ने कहा कि जिस तरह मोदी सरकार विपक्ष की आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है। प्रदर्शन के दौरान मानव देशमुख, पवन तिवारी,ऋषि शास्त्री समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

इधर भाजपा नेताओं में  प्रमुख रूप से रमेश पटेल, राजेन्द्र गोलछा,  भरत वर्मा, शिव वर्मा, तरूण लहरवानी, आकाश चोपड़ा, समीर श्रीवास्तव, गोलू गुप्ता, ऋषिदेव चौधरी, आलोक श्रोती, सज्जन ठाकुर, बंटी भाटिया, प्रखर श्रीवास्तव  सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news