राजनांदगांव

रोजा रखकर मां की भक्तों की सेवा जुटे मुस्लिम
26-Mar-2023 12:42 PM
रोजा रखकर मां की भक्तों की सेवा जुटे मुस्लिम

एबीस ग्रुप के टेकाहरदी पंडाल से आपसी भाईचारे का संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च।
चैत्र नवरात्र में मां बम्लेश्वरी  के पदयात्रियों की रमजान के पाक महीने में रोजा रखकर मुस्लिम समुदाय भी सेवा कर रहे हैं। टेकाहरदी स्थित एबीस ग्रुप के पंडाल में आपसी भाईचारे का संदेश लिए मुस्लिम धर्मावलंबी पदयात्रियों की आवभगत में कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। चैत्र नवरात्र  में रमजान के पाक महीने की शुरूआत एक बड़ा संयोग बना है। एक ओर हिन्दू समुदाय नववर्ष संग चैत्र नवरात्र पर्व के भक्ति में लीन है। वहीं रमजान में पांच वक्त के नमाज अता करते रोजेदार पदयात्रियों की सेवा सत्कार में डटे हुए हैं।

नवरात्र पर्व पर मां बम्लेश्वरी के दर्शनार्थियों की सेवा जतन में कारोबारी ग्रुप एबीस भी हाथ बंटा रहा है। टेकाहरदी में ग्रुप के द्वारा बनाए गए पंडाल में भक्तों का खूब ख्याल रखा जा रहा है। श्रद्धालुओं की सेवा सत्कार में ग्रुप के जिम्मेदार  सदस्यों की ओर से बेहतर इंतजाम किए गए हैं।

बताया जाता है कि मां के दरबार में माथा टेकने के लिए पैदल निकले श्रद्धालुओं को गु्रप के जरिये स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जा रहे हैं। सुबह से लेकर देर रात तक नाश्ता और भोजन का पुख्ता इंतजाम किया गया है। वहीं व्रतधारी श्रद्धालुओं को फल दिए जा रहे हैं।
उपवास के खानपान से भक्तों की थकान दूर की जा रही है। एबीस ग्रुप की ओर से नवरात्र पर्व पर विशेष ख्याल रखने के लिए पंडाल में अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। दूरदराज से पहुंचे भक्तों की आवभगत में ग्रुप बढ़-चढक़र भाग ले रहा है। ग्रुप की ओर से बताया गया है कि हर साल दोनों नवरात्रि के मौके पर सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए भक्तों की सेवा जतन में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती। लिहाजा हर साल विशेष पंडाल लगाकर मां के भक्तों के लिए बेहतर इंतजाम करने का प्रयास किया जाता है।
बहरहाल एबीस गु्रप जनहित से जुड़े कार्यों के प्रति बेहतर कर्तव्य का निर्वहन कर रहा है। पंडाल की व्यवस्था देखकर दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहता है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news