कोरबा

होली पर डीजे बजाने नहीं देने पर कर दी एएसआई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
26-Mar-2023 2:34 PM
होली पर डीजे बजाने नहीं देने पर कर दी एएसआई की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 26 मार्च।
बांगो थाने के सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार की 15 दिन पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। होली के दिन डीजे बजाने और उसे जब्त करने के चलते रंजिशवश आरोपी युवक ने उसे कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मार डाला था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि बांगो के थाना प्रभारी एएसआई नरेंद्र सिंह परिहार का लहूलुहान शव उनके बैरक में 10 मार्च की सुबह मिला था।  प्रथम दृष्टया हत्या का मामला देखते हुए पुलिस अधीक्षक उदय किरण और उनकी टीम डॉग स्क्वाड और साइबर सेल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। हत्या के अज्ञात आरोपी को पकड़ने के लिए एसपी ने टीम बनाई जिसमें बिलासपुर की साइबर टीम को भी रखा गया। घटना के अनुमानित समय 9 मार्च रात 12 बजे से अगले दिन सुबह 6:00 बजे तक एक संदेही करण गिरी का लोकेशन मृतक एएसआई के बैरक के आसपास मिला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो वह बार-बार अपना बयान‌ बदलने लगा। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली थी होली की रात 9 मार्च को रात लगभग 9:30 बजे एएसआई के साथ भ्रमण कर रही पुलिस टीम ने करण गिरी को तेज आवाज में डीजे बजाने से रोक दिया और उसका साउंड सिस्टम जब्त कर लिया था। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी करण गिरी टूट गया।

उसने बताया कि वे लोग जब होली मना कर लौट रहे थे, तब पुलिस ने डीजे पर कार्रवाई की और उसके साउंड सिस्टम को जब्त कर लिया था। इस टीम में एएसआई परिहार भी शामिल थे। पुलिस ने उसे ठीक से होली नहीं मनाने दिया, इससे आक्रोशित हुआ और उसी रात उसने परिहार का मर्डर करने की ठान ली। रात में जब पुलिस गश्त बंद हो गई और सड़क सूनसान हो गई तो उसने परिहार के कमरे का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही परिहार ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उन पर टंगिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिहार के जमीन पर गिरते ही वहां से वह भाग गया। उसने पास भी झाड़ी में टंगिया को छुपा दिया। इसके बाद घर आकर सो गया। 

आरोपी का कहना है कि उसके साथ और कोई मर्डर में शामिल नहीं था। हालांकि पुलिस इस बारे में अभी तहकीकात कर रही है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news