बालोद

गांधी की मूर्ति के सामने बैठकर सत्याग्रह, मोदी पर कांग्रेसियों ने लगाए आरोप
26-Mar-2023 3:04 PM
गांधी की मूर्ति के सामने बैठकर सत्याग्रह, मोदी पर कांग्रेसियों ने लगाए आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बालोद, 26 मार्च।
कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी की संसदीय सदस्यता खत्म होने के बाद से बालोद जिला मुख्यालय में जमकर प्रदर्शन किया जा रहा है। आज जिला मुख्यालय में गांधी मूर्ति के सामने बैठकर कांग्रेसियों ने यहां पर धरना प्रदर्शन सत्याग्रह किया।

इस दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि क्योंकि राहुल गांधी लगातार संसद में आक्रामक हो रहे थे, और वह देश के लोगों के सामने मोदीजी की सच्चाई को ला रहे थे, इसलिए उन्हें षडयंत्र पूर्वक इस मामले में फंसाया गया। उनकी संसदीय सदस्यता भी रद्द कर दी गई, जिसका हम सब विरोध करते हैं, और हमें न्यायपालिका पर विश्वास है, हम आगे लड़ाई लड़ते रहेंगे।

ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि आज भी कांग्रेस पार्टी इस देश की आजादी के लिए लड़ रही है। आज आपकी सारी संपत्ति लूटी जारी है, एक आदमी को दी जा रही है। ये लोग आपका रोजगार छीन रहे हैं। आप गैस सिलेंडर के लिए हजार रुपए दे रहे हैं, और यहां आपकी सारी संपत्ति किसी और को सौंपी जा रही है। राहुल गांधी ने कौन सा ऐसा जुर्म कर लिया जो आप से 2 सवाल पूछ लिए। आप जवाब नहीं दे पाए और घबरा गए। जो अहंकारी होते हैं, तानाशाह होते हैं, जब सवाल का जवाब नहीं दे पाते, तो सत्ता लेकर जनता को दबाने की कोशिश करते हैं। ऐसा ही राहुल गांधी के लिए किया जा रहा है।

पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कृष्णा दुबे ने कहा कि राहुल गांधी ने एक भाषण दिया, जिसके चलते उन्हें सजा हुई। लेकिन मोदीजी ने तो न जाने कितने भाषण गांधी परिवार और कांग्रेस के खिलाफ दिए। उन पर तो कब का मानहानि का केस लगाकर शिक्षा देनी चाहिए थी।

नगर पालिक अध्यक्ष विकास चोपड़ा ने पूछा, क्या नीरव मोदी, मेहुल चोकसी, ललित मोदी ओबीसी हैं? ये तो देश का पैसा लूट कर भाग गए।
अगर ये भगोड़े हैं और राहुल गांधी ने भगोड़ों को लेकर बोला तो फिर आपको दर्द क्यों हुआ? यहां पर कांग्रेस सरकार ने देश के हित में देश के लिए परिवार के दो लोगों को खोया है, ऐसे गांधी परिवार पर देश के प्रधानमंत्री लगातार लांछन लगा रहे हैं, जो कि सही नहीं हैं यह सब एक सोची समझी साजिश है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news