कांकेर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 26 मार्च। कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को गुजरात की अदालत द्वारा मानहानि का मामले में 2 वर्ष की सजा सुनाए जाने व संसद सदस्यता रद्द किये जाने के विरोध में छ.ग प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशन पर केशकाल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के दर्जनों पदाधिकारी बस स्टैंड में एकदिवसीय सत्याग्रह आंदोलन पर बैठे हैं। इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष अमीन मेमन भी शामिल हुए हैं।
इस दौरान मेमन ने कहा कि देशभर में राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता व अडानी अंबानी के खिलाफ उनके कड़े रवैये से बौखलाई भाजपा ने षड्यंत्रपूर्वक राहुल गांधी के खिलाफ कार्यवाही की है। केंद्र में बैठी मोदी सरकार जिस प्रकार से लोकतंत्र की हत्या कर रही है, इसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष महेंद्र नेताम, नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान, धर्मेंद्र ठाकुर, कलीम खान, रोहित नाग, बिहारी शोरी, राखी नानवानी समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि व कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।