राजनांदगांव

खुज्जी विस के लिए सीएम ने खोला सौगातों का पिटारा
27-Mar-2023 12:26 PM
खुज्जी विस के लिए सीएम ने खोला सौगातों का पिटारा

कुमर्दा-कल्लूबंजारी में खुलेगा सहकारी बैंक का ब्रांच

नवाज की मांग पर सीएम ने की एक अरब के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मार्च। 
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  ने खुज्जी विधानसभा के लिए सौगातों का पिटारा खोलते  बहुप्रतिक्षित मांगों पर मुहर लगाई। मुख्यमंत्री ने कंवर महोत्सव और जिला सहकारी बैंक द्वारा आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होने के बाद क्षेत्र की सालों पुरानी मांगों में शामिल कुमर्दा और कल्लूबंजारी में सहकारी बैंक का शाखा खोलने की घोषणा की। बैंक अध्यक्ष नवाज खान की मांग पर सीएम ने एक अरब 5 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। जिसमें 8 करोड़ 66 लाख 39 हजार रूपए की लागत के 6 कार्यों का लोकार्पण तथा 96 करोड़ की लागत से 13 कार्यों का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने किसान सम्मेलन का संबोधित करते कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजना अंतर्गत 165 हितग्राहियों को 2 करोड़ रुपए 56 लाख 40 हजार रुपए की सामग्री,वन अधिकारी पट्टा, सामाजिक एवं अहाता निर्माण हेतु स्वीकृति आदेश तथा प्रशस्ति पत्र का वितरण किया।

मुख्यमंत्री  बघेल ने सभी को नवरात्रि एवं रमजान पर्व की शुभकामनाएं देते कहा कि अन्नदाता किसान खुश होंगे तो समझिए भगवान खुश हैं। धान खरीदी का दायरा बढ़ाते 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल प्रति एकड़ किया गया है। अन्नदाता किसान संपन्न एवं खुशहाल रहें, इसके लिए शासन द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। किसान, पशुपालक एवं मजदूरों की जेब में पैसा जा रहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की राशि 2500 रूपए से बढ़ाकर 2800 रूपए की गई है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत चौथे किस्त की राशि किसानों को दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने जैतगुड़ा में गोड़ समाज द्वारा भवन निर्माण के लिए 30 लाख रूपए, आदिवासी कंवर सामुदायिक भवन राजनांदगांव के लिए 60 लाख रूपए तथा मराठा कलार समाज भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए की राशि स्वीकृति प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कुमर्दा एवं कल्लूबंजारी में जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक खोलने की घोषणा की। उन्होंने आमगांव में धान खरीदी केन्द्र खोलने, कुमर्दा-गैंदाटोला-बंजारी सडक़ उन्नयन की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बोरतालाव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण की घोषणा की। रायपुर में कंवर समाज के भवन निर्माण के लिए 50 लाख रूपए प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम में हरिवंश मिरी, बिंदुलाल चंद्रवंशी, दलेश्वर साहू, तेजकुंवर नेताम, हेमा देशमुख, विवेक वासनिक, पदम कोठारी, कलेक्टर डोमन सिंह, अभिषेक मीणा,  अमित कुमार, सुनील नायक समेत अन्य लोग शामिल थे।



मुख्यमंत्री पर भरोसा
जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि देशभर में अभी भूपेश मॉडल भरोसे मॉडल की चर्चा है। किसानों को मुख्यमंत्री पर भरोसा है। वे लगातार छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों की आय बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। वे किसानों की बुलंद आवाज तथा उनके ब्रांड एम्बेसडर हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजना तथा गोधन न्याय योजना के तहत किसानों को राशि प्रदान की है। खान ने कहा कि देशभर में छत्तीसगढ़ की साख किसानों के लिए बनाई गई नीति से पहचान मिली है।आज मुख्यमंत्री बघेल जिस तरह से किसानों की सुध ले रहे हैं, ऐसा कभी न दिखाई दिया और न ही सुनाई दिया।



किसानों को दिया सम्मान
खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने किसानों के रोटी एवं पगड़ी को मान सम्मान दिया है। प्रदेश के मुखिया ने अन्नदाता किसानों की कर्ज माफी की है। किसानों का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने राज्य में किसानों को हमेशा आर्थिक मोर्चे पर मजबूती देने का प्रयास किया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news