सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 27 मार्च। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ दिल्ली कि 75वीं एनुअल जनरल कौशिंल मीटिंग गांधी स्मारक निधि, गांधी भवन लखनऊ उत्तरप्रदेश में सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन सी हेमब्रम ने किया। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ पूरे भारतवर्ष में आदिवासियों के उत्थान के लिए काम करती है। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ कि स्थापना महात्मा गांधी की प्रेरणा से उनके सहयोगी ठक्कर बापा ने 1948 में किया था। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के प्रथम अध्यक्ष भारत के राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद 1948 से 1962 तक रहे। इसके पश्चात यूएन ढेबर, पुर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न मोरारजी देसाई, पदम विभूषण, डॉ. पुलरेणु गुहा, जे आर चिंचालकर, बनवारी लाल गौड़ अध्यक्ष रहे। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ लगातार भारत के अनेक प्रदेशों में काम कर रही है।
वर्तमान में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नयन चन्द्र हेंम्ब्रम जी है, उनके मार्गदर्शन में आदिवासी क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है, जहां पूरे भारतवर्ष में आदिवासियों के लिए स्कूल, छात्रावास झुलाघर, बाल गृह, पालनाघर, हास्पिटल का संचालन लगातार कर रही है।
इस बैठक में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के कार्य को विस्तार देने के लिए छत्तीसगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के इस बैठक में भारतीय आदिम जाति सेवक संस्था के महामंत्री अजय कुमार चौबे, मंत्री राजेश कुमार मालवीय, कर्नाटक से मंत्री डा कुबेरप्पा, उत्तराखंड से सुरेन्द्र सिंह चौहान, गुजरात से ईलाबहन देसाई, नागालैंड से कोहली, दादरा नगर हवेली दमन दीव से श्याम वरकड़े, समसेर अली भड़ाना हरिद्वार,अनिल शर्मा, रविकांत झा सहित 28 प्रदेशों से 175 महिला और पुरुष लोग बैठक में उपस्थित रहे।
भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यालय में केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा लगातार दौरा कर भारत सरकार के विभिन्न योजनाओं के बारे जानकारी प्रदान कर रहे हैं। जिससे पूरे भारत में आदिवासियों का जीवन स्तर ऊंचा उठ सके। इसके पहले भारतीय आदिम जाति सेवक संघ में छत्तीसगढ़ से सीएल पड़वार भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के लाईफ मेंबर थे।
उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र साहू तीस वर्षों से लगातार छत्तीसगढ़ में सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में बाल अधिकार, मानव व्यापार के खिलाफ जागरूकता अभियान, नशामुक्ति जागरूकता अभियान, महिला अधिकार ,बाल विवाह रोकने, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, उपभोक्ता जागरूकता अभियान सहित अनेक सामाजिक कार्य लगातार कर रहे हैं। सुरेन्द्र साहू के सामाजिक कार्यो को देखते हुए अनेक संगठनों ने पुरूस्कार भी प्रदान किया है। छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य बनाये जाने पर अनेक लोगों ने बधाई दी है।