कांकेर

महिला मोर्चा अब सरकार के खिलाफ सडक़ पर उतरकर करेगी उग्र आंदोलन -शालिनी
27-Apr-2023 9:03 PM
महिला मोर्चा अब सरकार के खिलाफ  सडक़ पर उतरकर करेगी उग्र आंदोलन -शालिनी

शराबबंदी के मुद्दे को ले भाजपा महिला मोर्चा का आज चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कांकेर, 27 अप्रैल।
वोट की खातिर झूठ बोल कर कांग्रेस  सत्ता में आई थी। ऐसी सरकार को उखाडक़र फेंकने का समय आ चुका है। ऐसा एक भी वादा नहीं है जिसे कांग्रेस सरकार ने पूरा किया हो। उक्त बातें राज्यसभा सांसद व भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय ने आज भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कही।

सुश्री पांडेय ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि चुनावी समर में उतरने का समय आ गया है इसलिये हमे भी पूरी ताकत से इस लड़ाई में उतरना होगा । राज्य की भूपेश बघेल सरकार के लबरा वादों से अब जनता भ्रमित होने वाली नहीं है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सुश्री पांडेय ने कहा कि कांग्रेस की नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजना केंद्र के पैसे से चल रही है । केंद्र की योजनाओं के पैसे से भ्रष्टाचार व बंदरबांट करने भूपेश बघेल सरकार गोठान व नरवा, घुरवा योजना चला रही है। उन्होंने महिला मोर्चा की बहनो को आव्हान करते हुए कहा कि नारी, मा दुर्गा की शक्ति स्वरूप होती है और हमें इस शक्ति का उपयोग कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने में लगाना है।

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य में चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है । अब सक्रियता बढ़ानी होगी । सभी कार्यकर्ताओं का समान सम्मान हो। एक दूसरे का सम्मान करें। पुराने कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में बुलाएं।

उन्होंने बताया कि आगामी 1 मई से केंद्र की महिला उत्थान वाली 15 योजनाओं को लेकर भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर कमल सखी कार्यक्रम प्रारम्भ करने वाली है जिसमे महिला मोर्चा की बहनो को महिला उत्थान वाली 15 योजनाओ में प्रशिक्षित कर उन्हें जनता के बीच लेकर जाएंगी और योजनाओं का लाभ महिलाओं को दिलाने में मदद करेंगी।

दीप्ति रावत ने राज्य सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ा है। भाजपा महिला मोर्चा इस अत्याचार के विरोध में सडक़ पर उतरी हैं।  महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ आंदोलन, धरना प्रदर्शन से काम नहीं चलेगा, बल्कि हमें पीडि़त महिलाओं को न्याय मिलने तक उनके साथ खड़ा होना होगा। 

श्रीमती रावत ने आरोप लगाते कहा कि गैर बीजेपी शासित राज्य केंद्र की योजनाओं का नाम बदल अपने नाम से चला रही है। उन्होंने कहा कि अब पद्मश्री अवार्ड, पुरस्कार के वास्तविक हकदारों को दिया जा रहा है।

भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष शालिनी राजपूत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि  महिला मोर्चा अब सरकार के खिलाफ  सडक़ पर उतर कर उग्र आंदोलन करेगी । राज्य में हमारी आबादी आधी है  और अगर आधी आबादी में ठान लिया कि राज्य में कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है तो कांग्रेस सरकार का जाना तय है। 

हम जिला, मण्डल, बूथ को मजबूत करेंगे और जीत में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे । हमे उपलब्ध संसाधनों से ही कार्य को गति प्रदान करना है।
 शालिनी राजपूत ने बताया कि 28 अप्रैल को शराबबंदी के मुद्दे को लेकर भाजपा महिला मोर्चा चक्का जाम करेगी।

कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया ने भी सम्बोधित किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री विभा अवस्थी ने व आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री चम्पा देवी पावले ने किया। कार्यक्रम में बस्तर में कल शहीद हुए पुलिस जवानों व भाजपा के दिवंगत कार्यकर्ताओ को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई ।

बैठक में धमतरी विधायक रंजना साहू, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, पिंकी शिवराज शाह, लक्ष्मी बघेल, अलका चन्द्राकर, ममता साहू, शीतल नायक, मीनल चौबे, किरण बघेल कृतिका जैन, संध्या तिवारी, आयुषी पाण्डे, उमा देवी शर्मा, सीमा साहू, वैशाली, रत्ना पारीक, अंजू नायक, निपेन्द्र पटेल सहित अन्य महिला मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे । 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news