सरगुजा

पानी की समस्या को ले पार्षद ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
22-May-2023 8:54 PM
पानी की समस्या को ले पार्षद ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
अंबिकापुर, 22 मई।
शहर में पानी की गंभीर समस्या को देखते हुए नगर निगम पार्षद मधुसूदन शुक्ला ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।
 
ज्ञापन में बताया गया कि अमृत मिशन जल आवर्धन के 106 करोड़ के कार्य के बाद भी शहरवासियों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। ग्रीष्म ऋतु में पानी की अधिक आवश्यकता पड़ती है। शहर के मध्य में स्थित वार्डों में मात्र 10 से 15 मिनट ही पानी की आपूर्ति हो रही है जबकि शहर के कुछ क्षेत्रों  में 2 से 3 घंटे पर्याप्त पानी मिल रहा है। 

शहर के दर्रीपारा, भाथुपारा, ब्रम्हपारा, शीतला वार्ड, नेहरू वार्ड, मंगल पाण्डेय वार्ड, नमनाकला, केदारपुर, शिवधारी कॉलोनी, सत्तीपारा वार्ड में आये दिन पानी की समस्या से लोग परेशान हैं।

आमजनों को अमृत मिशन जल आवर्धन कार्य से पानी की समस्या से छुटकारा मिलन की उम्मीद थी, परंतु शहरवासियों को इसके बाद भी निराशा हाथ लगी। अमृत मिशन जल आवर्धन योजना वर्ष 2035 तक 2.50 लाख जनसंख्या को ध्यान में रखकर बनाई गई थी, परन्तु नगर पालिक निगम की कांग्रेस सरकार के भेदभाव पूर्ण रवैये के कारण योजना सफेद हाथी बनकर रह गई है, योजना अभी पूरी भी नहीं हुई और फेल हो गई।
 
भारतीय जनता पार्टी नगर मण्डल अम्बिकापुर यह मांग करती है कि अमृत मिशन जल आवर्धन की वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों से उच्च स्तरीय जाँच कराकर उसकी तकनीकी कमियों को दूर करते हुये शहरवासियों को पानी की समस्या से निजात दिलाने का कष्ट करें। यदि एक सप्ताह के भीतर पानी की समस्या का समाधान नही होता है तो भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अम्बिकापुर नगर पालिक निगम अम्बिकापुर का घेराव कर प्रदर्शन करेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news