राजनांदगांव

भाजपा का आरोप : राज्य सरकार ने गौठानों में नहीं की फूटी कौड़ी खर्च, केंद्रीय राशि से सीएम लूट रहे हैं वाहवाही
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 25 मई। गौठानों की जमीनी हालत का जायजा लेने जाबो गौठान - खोलबो पोल अभियान में जिलेभर के गौठानों की खराब दशा पर भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने चारा घोटाले से भी बड़ा गौठान का घोटाला किया है। भाजपा का दावा है कि केंद्रीय राशि के जरिये गौठानों की बुनियादी संरचना तैयार की गई है। इसमें राज्य सरकार ने फूटी कौड़ी खर्च नहीं किया है।
गुरुवार को स्थानीय भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश के संसाधनों की बेदर्दी से लूट की है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर छत्तीसगढ़ को कलंकित करने का आरोप लगाते कहा कि गौठान घोटाला गौमाता के नाम पर किया गया है। उन्होंने कहा कि गौठान के नाम पर गोरखधंधे चलाए जा रहे हैं। जिसमें विभिन्न मदों की राशि को खर्च किया गया है। हालत यह है कि जिन सरपंचों को विभिन्न मदों से खर्च करने के निर्देश दिए गए थे, वहां अब पंचायती स्तर के दूसरे काम ठप पड़े हुए हैं। पूर्व सांसद ने कहा कि गौठान के रख-रखाव के लिए 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं, जो कि सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने मांग करते कहा कि गौठानों की मांग के लिए उक्त राशि महिला समूहों को दिया जाना चाहिए। साथ ही कुक्कुट पालन, मछली पालन और मशरूम की पैदावार के बाद मार्केटिंग की व्यवस्था राज्य सरकार को स्वयं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गौठानों में गाय नदारद है। चारा-पानी भी गौठानों में नजर नहीं आ रहा है। स्पष्ट है कि योजना के जरिये कांग्रेस सरकार ने बड़े घोटाले किए हैं। गांवों में सरकार के इस रवैये के कारण आक्रोश का माहौल है। पत्रकारवार्ता में जिलाध्यक्ष रमेश पटेल, भरत वर्मा, एमडी ठाकुर समेत अन्य लोग शामिल थे।