रायगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 2 जून। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्राचीन नगरीय रायगढ़ जिला में तीन दिवसीय रामायण महोत्सव होना हम सभी के लिये गौरवशाली क्षण है और विधिवत इसका शुभारंभ हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ है। तीन दिन पूरा जिला राममय रहेगा। सारे चैनल और यूट्यूब में यह कार्यक्रम लाईव दिखाया जा रहा है। यह एक अच्छी पहल है, सभी का सहयोग, जिला प्रशासन, संस्कृति विभाग का विशेष योगदान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जो पहचान है वो सिर्फ नक्सलियों की वजह से पहचान नहीं या फिर खदानों की वजह से पहचान नहीं बनी है, बल्कि हमारी जो पहचान है बहुत ही प्राचीन है। हमारी सभ्यता बहुत प्राचीन है।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने 15 साल राज किया। लेकिन कभी उन्होंने राम गमन पर्यटन परिपथ का निर्माण किये क्या, हमने तो शिवरीनारायण, राजीम में इसका बढिया आयोजन किया और लगातार कोरिया जिले से शुभारंभ किया गया। छत्तीसगढ़ की हमारी जो पहचान है उसे दुनिया के मानचित्र में लाने की हम कोशिश कर रहे हैं। हमारी संस्कृति बहुत उच्च है, हमारी परंपरा बहुत उच्च है। हमारे इतिहास बहुत प्राचीन है, हमे उसे लेकर आगे बढऩा चाहिए, जबकि भाजपा को तो सिर्फ सत्ता हासिल करना है। भाजपा के द्वारा राम के नाम पर सिर्फ वोट मांगने का काम किया गया, गाय के नाम पर वोट मांगने का काम किया गया। कभी भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम नही किया गया।
केन्द्रीय मंत्रियों को छत्तीसगढ़ में बुलाये जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल तक इन्होंने तो किया है, अब चुनाव का समय आ रहा है तो वे आ रहे हैं और आने के बाद तरह-तरह की बात करेंगे। संकट के समय कोई खड़ा नहीं हुआ।
केरला स्टोरी को लेकर भाजपाईयों के द्वारा मुद्दा बनाने की बात पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने हंसते हुए जवाब दिया कि वो कर्नाटक चुनाव निपट गया, अब कोई नई स्टोरी आयेगी।
भाजपा सरकार मुद्दो लेकर नहीं चल रही जबकि कांगे्रस मुद्दो को लेकर काम रही पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने कभी न तो किसान के लिये काम किया और न गरीब के लिये, न आदिवासियों के लिये न युवाओं के लिये, उन्होंने किया तो सिर्फ लड़ाने का काम किया है। भाजपा सिर्फ लड़ाने का काम करती है। भाजपा समाज को धर्म को लड़ा रही है, जिसके कारण देश जलने लगा है। भाजपा के गोठान चलबो अउ खोलबो पोल के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर हंसते हुए जवाब दिया कि जब चुनाव नजदीक आ रहा है तो वे वहां वोट खोजने ज रहे हैं। गउ माता की सेवा करने नही गए हैं, गउ माता की सेवा तो हम कर रहे हैं।