महासमुन्द

बड़े-बड़े अर्थशास्त्री कह रहे हैं, 21वीं सदी का भारत तैयार हो रहा-चुन्नी लाल
03-Jun-2023 2:53 PM
बड़े-बड़े अर्थशास्त्री कह रहे हैं, 21वीं सदी का भारत तैयार हो रहा-चुन्नी लाल

प्रधानमंत्री के 9 साल बेमिसाल को लेकर कहा- विश्व के अधिकांश देशों में मोदी का सम्मान शक्तिशाली भारत का प्रतीक 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जून।
महासमुंद सांसद चुन्नी लाल साहू ने कल एक प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 साल के कार्यकाल बेमिसाल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को देखकर दुनिया के बड़े-बड़े अर्थशास्त्री, विश्लेषक और विचारक एक स्वर में कह रहे हैं कि यह 21वीं सदी का भारत तैयार हो रहा है। यही कारण है कि आज विश्व के अधिकांश देशों में मोदी जी को अलग-अलग सम्मानों से सम्मानित किया जा रहा है। यह शक्तिशाली और बढ़ते भारत का प्रतीक है।

सांसद चुनीलाल साहू ने बताया कि महासमुंद में रेलवे का मॉडल स्टेशन तैयार होगा जिसके लिए बजट में प्रावधान कर दिया गया है। महासमुंद के धमतरी से रायपुर ब्राडगेज रेल लाइन का काम शुरू हो गया है। रेल सुविधाओं में विस्तार करते हुए प्रधानमंत्री ने महासमुंद को हर दृष्टिकोण से सुविधा देने का काम किया है। रायपुर-टिटलागढ़ रेल लाइन का न सिर्फ  दोहरीकरण का कार्य पूरा हुआ बल्कि समय की मांग को देखते हुए इस रेल लाइन के विद्युतीकरण का कार्य भी पूरा कराया गया। 

उन्होंने कहा कि महासमुंद के हाड़ाबंद में ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हुआ और जल्द ही बेलसोंडा रेलवे क्रासिंग में भी ब्रिज निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। सांसद चुन्नीलाल साहू ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र के गरियाबंद में स्वास्थ की राष्ट्र स्तरीय सुविधा क्रिटिकल केयर सेंटर स्थापित करने के लिए 74 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, जो वनांचल के लोगों की सेहत को दुरुस्त बनाने रखने में सहायक होगी। महासमुंद लोकसभा में अब खेलो इंडिया के तहत तीरंदाजी का केंद्र बनाया जाना भी सुनिश्चित हुआ है।

सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि किसी भी देश को आगे बढऩा है तो उसमें नयापन स्वीकार करने की सोच और सामथ्र्य होना चाहिए। देश तभी आगे बढ़ता है जब उसका नेतृत्व देशवासियों की क्षमताओं, प्रतिभाओं पर भरोसा करे। 

लक्ष्यों की प्राप्ति में जनता की सहभागिता आवश्यक है। इसीलिए प्रधानमंत्री मन की बात के जरिए जन-जन से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं।
सांसद लाल साहू ने बताया कि विकासवाद की इसी अवधारणा को पूरा करते हुए महासमुंद को मेडिकल कालेज की सौगात मिली, मेडिकल कालेज के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा के साथ लोगों को स्वास्थ सुविधाओं के लाभ से जोडऩे का बेजोड़ प्रयास किया गया है। गरियाबंद जिले के छुरा, मैनपुर और महासमुंद के भोरिंग में जवाहर नवोदय की तर्ज पर बेहतर शिक्षा व्यवस्था देने वाले संस्थान एकलव्य विद्यालय की स्थापना की गई है।

प्रेसवार्ता में उपस्थित पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में अमृतकाल के सभी लक्ष्यों को हासिल किया जा रहा है। देश आज विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर है। इसका कारण नौ वर्ष के समग्र दृष्टिकोण का मजबूत आधार है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के इसी दूरदर्शी और दृढइच्छा शक्ति से नई ऊंचाईयों को हासिल करने के लिए जो अभूतपूर्व विकासयात्रा शुरू हुई है, भारतमाला प्रोजेक्ट उसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस विकासयात्रा के लिए महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के कुरूद विकास खंड से विशाखापटनम भारतमाला प्रोजेक्ट की सडक़ का निर्माण शुरू हुआ है, जो छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण मार्ग साबित होगा। इसी कड़ी में आरंग से सराईपाली और महासमुंद नदी मोड़ से खरियाररोड तक के राष्ट्रीय राजमार्ग का कायाकल्प और बायपास जनता के बीच मोदी सरकार के विकास पथ को दर्शाता है।

प्रेसवार्ता के दौरान उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि पहले बम ब्लास्ट की खबरें छपती थी, अब शांति और समृद्धि की खबरें ज्यादा मिलती है। पहले पर्यावरण के नाम पर बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट रोके जाने की खबरें आती थीं, अब पर्यावरण से जुड़ी सकारात्मक खबरों के साथ ही नए हाइवे, एक्सप्रेस वे की खबरें मीडिया की सुर्खियों में रहती हैं। श्रीमती चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साल 2014 में पदभार संभालते ही हर नीति में भारत प्रथम के संकल्प को स्थापित किया। इस विकास यात्रा में कोई व्यक्ति, महासमुंद लोकसभा के गांवों की तरह कोई भी भू-भाग और देश का कोई कोना पीछे नहीं छूट रहा है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह सुनिश्चित कर दिखाया है कि अब भारतीय राजनीति के मायने सेवा, परफार्मेंस, नीतिगत बदलाव, रिफार्म और ट्रांसफार्म ही होगी। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, नवाचार, दृढ़ इच्छा शक्ति, भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर जीरो टोलरेंस, नीतिगत पहल, साहसिक निर्णय और सबका साथ-सबका विकास के नौ प्रमुख आधार तय किए उसमें आज सबका विश्वास और प्रयास परिलक्षित होने लगा है। इन नौ आधार स्तंभों के जरिए देश में जो विकासवाद का शंखनाद किया गया, उसकी ध्वनि महासमुंद लोकसभा में गूंजने लगी है। इस अवसर पर भाजपा ओडि़शा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती, पूर्व विधायक राजिम संतोष उपाध्याय, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राक, जिला महांत्री प्रदीप चंद्राकर, भाजपा के वरिश्ठ पजाधिकारी ऐत राम साहू, पूर्व नपाध्यक्ष महासमुंद प्रकाश चंद्राकर उपस्थित थे।  
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news