दुर्ग

भिलाई के भाजपा नेता व पूर्व पार्षद का हृदयाघात से निधन
05-Jun-2023 3:13 PM
भिलाई के भाजपा नेता व पूर्व पार्षद का हृदयाघात से निधन

 सुपेला अस्पताल पर लचर व्यवस्था का आरोप, परिजनों का हंगामा, मारपीट 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 5 जून।
भिलाई के भाजपा नेता और पूर्व पार्षद मनोज यादव (54 वर्ष) का बीती शाम ह्रदयाघात से निधन हो गया है। 
कल जैसे ही उनकी तबियत बिगड़ी, उन्हें सुपेला अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने मनोज यादव की मौत हो जाने के बाद भी उसे रेफर करने की बात कही और अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था में लेट होने से मनोज यादव के भाई और समर्थक काफी आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू किया और एंबुलेंस के ड्राइवर और अटेंडर से गाली गलौज करते हुए मारपीट भी की। विवाद बढ़ गया, जिससे सुपेला पुलिस ने अस्पताल पहुंच विवाद को शांत कराया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मनोज यादव को रविवार शाम 7 बजे के करीब अचानक दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला लाया गया। यहां डॉ. मंजू राठौर ने विनोद यादव को चेक किया। उस समय उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने डेथ डिक्लेयर न करते हुए कहा कि मरीज में जान है, उसे तुरंत दुर्ग या निजी अस्पताल ले जाओ। अस्पताल में खड़ी 108 एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं था।

सिलेंडर की व्यवस्था करने में देर होने से मनोज यादव के भाई और उनके परिजन काफी भडक़ गए। उन्होंने शासन-प्रशासन की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की एंबुलेंस के ड्राइवर लेखपाल सिंह राजपूत और ईएमटी मुलेश्वरी देशमुख के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की गई। इसके बाद मनोज यादव को एंबुलेंस से बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला के 108 एंबुलेंस के ड्राइवर लेखपाल सिंह राजपूत ने सुपेला थाने में उसके और ईएमटी मुलेश्वरी देशमुख के साथ गाली गलौज कर मारपीट करने की लिखित शिकायत की है। 

लेखपाल ने आरोप लगाया है कि रविवार शाम उसकी और ईएमटी मुलेश्वरी की ड्यूटी एंबुलेंस में थी, शाम 7 बजे अस्पताल से उन्हें रेफर केस दिया गया, जिसे दुर्ग जिला अस्पताल ले जाना था।

मरीज के परिजनों ने कहा कि वो जिला अस्पताल की जगह निजी अस्पताल ले जाना चाहते हैं। ड्राइवर लेखपाल ने उन्हें बताया कि वो मरीज को ले जाने की सुविधा केवल शासकीय अस्पतालों के बीच ही दे सकता है। इस पर मरीज के परिजन भडक़ गए, उन लोगों ने लेखपाल और ईएमटी मुलेश्वरी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट करनी शुरू कर दी। दोनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञात हो कि पूर्व पार्षद और भाजपा नेता मनोज यादव के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। मनोज यादव भिलाई नगर निगम के पिछले कार्यकाल में निर्दलीय चुनाव जीतकर पार्षद बने थे। इसके बाद उन्होंने भाजपा जॉइन किया। भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं में मनोज यादव का नाम लिया जाता रहा है। उनकी पत्नी अर्चना यादव भी पार्षद रही हैं। आज उनका अंतिम संस्कार रामनगर मुक्तिधाम में किया जाएगा।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news