धमतरी

पर्यावरण की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है-भावना बहन
05-Jun-2023 3:33 PM
पर्यावरण की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है-भावना बहन

 पर्यावरण संतुलन के लिए पौधे लगाने अपील की 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 5 जून।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नगरी के बैनर तले विश्व पर्यावरण दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर वासुदेव साहू (प्रबंधक, कृषि उपज मंडी नगरी), सखाराम नवरंगे (वन क्षेत्रपाल), हिमांशु हरिहरनो (सहायक तकनीकी प्रबंधक कृषि विभाग), ललिता साहू (पार्षद वार्ड क्रमांक 8 नगरी) तथा राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी भावना बहन, ब्रह्माकुमारी चंद्रमुखी बहन तथा संस्था के भाई बहनों सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। 

कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत तरीके से परमपिता शिव परमात्मा की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कुमारी शांता साहू ने पर्यावरण पर आधारित बहुत सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। तत्पश्चात हिमांशु और पितांबर भाई ने पर्यावरण पर आधारित सुमधुर गीतो से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। तत्पश्चात वासुदेव साहू ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सब की बड़ी जिम्मेदारी है सभी को अपने घरों में पौधारोपण करना चाहिए जिससे पर्यावरण प्रदूषित होने से बच सके। 

उन्होंने कहा कि जैसे प्रकृति शांत स्वरूप है वैसे ही हम परमपिता परमात्मा शांति के सागर के शांत स्वरूप बच्चे हैं इसी तारतम्य में हिमांशु हरिहरनो ने कहा हम प्रकृति के बिना नहीं रह सकते आज औद्योगिकीकरण के कारण हम प्रकृति को भूलते जा रहे हैं विगत दिनों में हमने ऑक्सीजन की कमी को झेला है अत: प्रकृति के संतुलन के लिए पौधे अवश्य लगाएं। तत्पश्चात राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी भावना बहन ने  सभी को पर्यावरण दिवस की असीम शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि आज पर्यावरण का संरक्षण बहुत बड़ा मुद्दा है। हमारा जीवन पर्यावरण पर आश्रित है यह हमारे जीवन को निर्देशित करता है। हमारे सामाजिक  जीवन के अच्छे बुरे गुण हमारे प्राकृतिक वातावरण की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। आधुनिक समय में सभी मानवीय कार्य सीधे तौर पर पूरे नैसर्गिक संतुलन को काफी हद तक प्रभावित कर रहा है आज का बदलता परिवेश पूरी मानव जाति के लिए एक चिंता का विषय बना हुआ है। जीवन को सुखी और स्वस्थ तरीके से चलाने के लिए हमें एक स्वस्थ पर्यावरण की नितांत आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 10 पौधे अवश्य लगाने चाहिए साथ ही इसकी पूरी निष्ठा से देखभाल भी करनी चाहिए जिससे पर्यावरण संतुलित रहेगा तभी मानव जीवन सुरक्षित रह पाएगा। 

पर्यावरण को नजरअंदाज करना मानवीय जीवन के लिए विपत्तियों का कारण बनते जा रहा है। आज हम सभी को पृथ्वी पर स्वस्थ जीवन जीने के लिए पर्यावरण को सुरक्षित करने की जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने आगे कहा कि प्रकृति ने हमें सिर्फ दिया है तो उनके प्रति हमारी भी जिम्मेदारी बनती है की पर्यावरण की सुरक्षा में हम अपना अमूल्य योगदान दें। 

साथ ही सभी से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण के लिए दृढ़ संकल्पित रहे। इसी तारतम्य में ब्रम्हाकुमारी चंद्रमुखी बहन ने पर्यावरण सुरक्षा हेतु सभी को शपथ दिलाई व नारे लगवाए कार्यक्रम का सफल संचालन मन्नु भाई द्वारा किया गया। साथ ही  उक्त दिवस में ब्रम्हाकुमारी बहनों द्वारा संस्थान के परिसर सहित नगर के अनेक स्थानों पर विभिन्न प्रकार के पौधे रोपित किए गए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news