रायपुर

24 घंटों में मौसम का मिजाज बदला, हो सकती है अंधड़ के साथ बारिश
06-Jun-2023 7:14 PM
24 घंटों में मौसम का मिजाज बदला,  हो सकती है अंधड़ के साथ बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जून। 
राजधानी में सोमवार को उमस भरी गर्मी के बाद शाम को हल्कि बारिश हुई है। जिससे देर शाम राहत भरा रहा। वहीं मंगलवार को प्रदेश में आज अंधड़ के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की है। बिहार से तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके असर से प्रदेश में किसी भी जगह मौसम में बदलाव हो सकता है और तेज आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में इस वक्त उत्तर-पश्चिमी हवाएं आ रही हैं, क्योंकि राजस्थान में बारिश की वजह से तापमान गिरा है,वहां से आने वाली हवाओं की वजह से भी तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

प्रदेश में सबसे गर्म जांजगीर जिला रहा है, यहां सूरज की तपिश से लोग परेशान हैं, जांजगीर जिले में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके बाद मुंगेली में टेम्परेचर 42.3 डिग्री रहा। बलौदाबाजार में 41.9 डिग्री तापमान के साथ लोगों को गर्मी झुलसाती रही। रायगढ़ भी 41.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर का तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा। महासमुंद और दुर्ग दोनों ही जगह 41.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

 द्रोणिका के प्रभाव सेे प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। साथ ही 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चल सकती है। साथ ही एक दो जगहों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे के आसार हैं। एचपी चंद्रा ने बताया कि तापमान में भी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। बीते दिनों जितना तापमान सभी जिलों में रिकॉर्ड किया गया है। इसी के आसपास टेम्परेचर बने रहने की संभावना है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news