धमतरी

मेघा में 2 एकड़ में बना शीतला तालाब अमृत सरोवर
07-Jun-2023 4:34 PM
मेघा में 2 एकड़ में बना शीतला तालाब अमृत सरोवर

मनरेगा से मिली 17.95 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 7 जून। भारत के स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथा बड़ी मार्मिक और प्रेरणादायक है। पिछले 75 वर्षों में जन्मी और बड़ी हुई पीढिय़ों के लिए यह अनुमान लगाना कठिन है कि देश गुलाम देश में दास्ता के बंधनों में जीने का क्या अर्थ होता है। विदेशी शासक के जुल्म कितने भयावह होते हैं-इसकी कल्पना कर पाना भी असंभव है। तब जिन लोगों ने उस बर्बर शासन और उसके जुल्मों के खिलाफ आवाज उठाकर स्वतंत्रता की मांग की होगी, उन्हें बदले में कितनी यातनाएं भोगनी पड़ी होंगी। इसकी बात सोचना, आज की पीढ़ी के वश बात नहीं है। यह एक लंबा इतिहास है।

पूरे देश में अंग्रेजों का शासन किस तरह अपना दमन चक्र चलाता रहा इसका पूरा-पूरा विवरण लिखा जाए तो मोटी-मोटी किताबों के कई भाग तैयार हो जाएंगे। फिर भी यहां कुछ पृष्ठों में उस कहानी का परिचय देने का प्रयास किया गया है ताकि इतिहास ना पढऩे वाले लोग की इतिहास की इस गौरव गाथा का आभास हो प्राप्त कर ही सके क्योंकि भारत का आजादी की 75वीं वर्षगांठ की कहानी से परिचित होना हर व्यक्ति का राष्ट्रीय धर्म है। गांव मुजगहन और मेघा मालगुजारी गांव थे। ज्यादातर नारायण राव मेघावाले मेघा में रहकर राष्ट्रवादी भावना के प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रीय नेताओं के साथ विचार-विमर्श करते थे। असहयोग आन्दोलन में उनकी सक्रियता के कारण अंग्रेजी हुकुमत मादक वस्तुओं के ठेके की नीलामी नहीं कर सके।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोक्तिमा यादव ने बताया कि जिले में अमृत सरोवर योजना से जल संवर्धन एवं जल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो सकेंगे जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही अमृत सरोवर के समीप वृक्षारोपण करने से पर्यावरण को भी संरक्षण देने में मदद मिलेगी।

जिला मुख्यालय से ग्राम पंचायत मेघा की दूरी 40 किलोमीटर है। ग्राम के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी के रूप में नारायण राव मेघावाले भारतीय आन्दोलन में भाग लेने के साथ-साथ समाज सुधार कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उक्त ग्राम मालगुजारी गांव होने के कारण लोगों की निस्तारी सुविधा को देखते हुए आज से लगभग 50 वर्ष पहले अपने 02 एकड़ भूमि में तालाब का निर्माण किया गया था। उक्त तालाब को धरोहर मानते हुए आजादी की 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए निर्मित तालाब को अमृत सरोवर योजना के तहत नया स्वरूप दिया गया। वर्तमान में सरोवर का निर्माण मनरेगा योजना एवं पंचायत के सहयोग राशि से किया गया है। तालाब में बारहमासी जलभराव हेतु नहर सुविधा एवं वर्षा जल को संग्रहण से जोड़ा गया है।

अमृत सरोवर योजना का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण और संवर्धन तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इस दिशा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में शीतला तालाब में अमृत सरोवर निर्माण के लिए जिला पंचायत द्वारा 17.95 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई जिसमें 10.37 लाख रूपये की मजदूरी, 7.58 लाख रूपये की सामग्री मद से लगभग 02 एकड़ भूमि में कार्य कराये गये हैं। शीतला तालाब अमृत सरोवर निर्माण कार्य में 150 श्रमिक नियोजित किये गये थे जिन्होंने कुल 5049 मानव दिवस अर्जित किया गया। एक ओर ग्राम पंचायत मेघा में शीतला तालाब अमृत सरोवर का निर्माण हुआ वहीं स्थायी परिसंपत्ति का निर्माण किया गया। अमृत सरोवर में पीचिंग निर्माण, पचरी निर्माण इनलेट एवं आउटलेट साथ ही पंचायत के सहयोग से सौंदर्यीकरण हेतु प्रकश व्यवस्था, बैठने हेतु बैंच की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक की व्यवस्था किया गया।

पार्यावरण की दृष्टि से नीम, पीपल एवं बरगद का पौध रोपण किया गया। अमृत सरोवर में भारत सरकार के मानक अनुसार दस हजार घनमीटर से अधिक जल संग्रहण होगा। ग्रामीणों को निस्तार सुविधा के साथ पंचायतों की आर्थिक संसाधनों में भी बढ़ोत्तरी होगी। गांव की मछुवारा समिति अमृत सरोवर में पूर्व की भांति मछली पालन एवं ढेंस उत्पादन कर स्वरोजगार के प्रति आत्मनिर्भर होंगे।

भारत की आजादी के 75वीं वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त और 26 जनवरी के दिन अमृत सरोवर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. नारायण राव मेघावाले के सुपुत्र प्रभात राव मेघावाले के करकमलों से स्मरण के रूप में पहलीबार ध्वजारोहण किया गया। पंचायत एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में राष्ट्रगान के साथ ध्वज को सलामी दी गई है। वहीं गुलामी की बंधनों से मिली आजादी की खुशियों को आपस में बांटकर भाईचारे का परिचय देते देखे गये। अमृत सरोवर सडक़ मार्ग में होने के कारण आसपास के ग्रामीणों के लिए आकर्षक बना हुआ है। संध्याकालीन प्रकाश व्यवस्था से नयनाभिराम दिखाई देती है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news