रायपुर

अब 108/102 एक्सप्रेस के कर्मचारी हड़ताल पर
20-Sep-2023 7:24 PM
 अब 108/102 एक्सप्रेस के कर्मचारी हड़ताल पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 सितंबर। स्वास्थ विभाग की रीढ़ की हड्डी कहे जानी वाली संजीवनी 108/102 एक्सप्रेस के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, संजीवनी 108/102 कर्मचारी कल्याण संघ अपनी 5 सूत्रीय मांग को लेकर आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे। संजीवनी 108/102 कर्मचारी कल्याण संघ का ये प्रदर्शन नवा रायपुर स्थित तूता धरनास्थल पर होगा। इस प्रदर्शन में ठेका निरस्त करना, दो से तीन माह के कार्य का भुगतान जैसी प्रमुख मांग शामिल है। संजीवनी 108/102 कर्मचारी कल्याण संघ की ओर से कहा गया है कि, अगर उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो वे सभी कल मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष राजेंद्र राठौर ने बताया कि दो-तीन माह कार्य कराकर एक माह का वेतन दिया जाता है।

राठौर ने बताया कि पांच  मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से लेकर अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई पहल नहीं की गई है। विगत दिनों प्रदर्शन भी किया गया था। इस दौरान मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिला था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा है कि अब जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। बता दें कि प्रदेश में 108 और 102 के लगभग 3,200 कर्मचारी हैं। वहीं प्रदेश में 300 संजीवनी और 240 महतारी एक्सप्रेस संचालित होती है।

कर्मचारियों की मांगें

102 महतारी एंबुलेंस सेवा का नई सेवा प्रदाता ठेका कंपनी द्वारा जारी भर्ती विज्ञापन को निरस्त कर दस वर्षों से सेवा कार्य कर रहे कर्मचारियों को उनके वर्तमान कार्यस्थल पर पुन: पदस्थापना और वर्ष 2018 से शेष बचे हुए कर्मचारियों का समायोजन।

108 और 102 के कर्मचारियों के पूर्व बकाया वेतन का तुरंत भुगतान। माह के पहले सप्ताह में कर्मचारियों का वेतन भुगतान जारी किया जाए।

कर्मचारियों को वर्ष 2018 से 2023 तक का वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ एरियर के रूप में एकमुश्त भुगतान। आठ घंटे का काम निर्धारित, अतिरिक्त समय में किए गए कार्य काी ओवरटाइम राशि दें।

 मुख्यमंत्री के वादे के अनुसार 108 और 102 एंबुलेंस सेवा को ठेका प्रथा से हटाकर सरकार द्वारा स्वयं संचालन कर 60 वर्ष तक नौकरी की गारंटी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news