महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 20 सितम्बर। बागबाहरा मार्ग स्थित मुरईधोवा नाला से थाना चौक तक कोई डेढ़ किमी लंबे मार्ग पर लगातार तीन वर्षों से अधिक समय से बड़े बड़े गड्ढों से परेशान आम लोगों की परवाह करते हुए भाजपा ने 21 सितंबर को एसडीएम कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है। ज्ञात हो कि आगामी 24 सितंबर को नगर में भाजपा द्वारा निकाली गई परिवर्तन यात्रा पहुंचेगी।
भाजपा नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार नगर के मुख्य मार्ग की हालत इतनी खराब है कि शहर के बीच के मुख्य मार्ग पैदल चलने के लायक भी नहीं है। इसलिए जनसुविधा के लिए भाजपा मुरईधोवा से थाना चौक तक का मार्ग तत्काल मरम्मत की मांग कर रही है। भाजपा द्वारा प्रशासन को 20 सितंबर तक का समय दिया है। अन्यथा 21 सितंबर को भाजपा द्वारा एसडीएम कार्यालय का भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर अग्रवाल के नेतृत्व में घेराव करेगी।
ज्ञात हो कि उक्त मार्ग विगत तीन वर्षों से अधिक समय से अपनी दुर्दशा झेल रहा है। इतने दिनों तक सत्ता पक्ष के अलावा किसी विपक्षी दल को भी आम जनता की परेशानियों से सरोकार नहीं था। परन्तु अब चुनाव करीब आने के बाद सत्ता पक्ष को तो अब भी आम जनता की समस्याओं से सरोकार नही है परन्तु प्रमुख विपक्षी दल भाजपा की परिवर्तन यात्रा पिथौरा पहुंचने के पहले मार्ग दुरुस्त करवाने की नीयत से एसडीएम कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया गया है। मात्र सडक़ के गड्ढों की मरम्मत कर यातायात सगम बनाने की मांग से ही आम लोगों में खुशी की लहर है। बहरहाल आम जनता सडक़ के गड्ढों की मरम्मत करवाने भाजपा की मांग के समर्थन में है।