बलौदा बाजार

पुराने कर्मचारियों को हटाकर नई भर्ती करने का किया जा रहा विरोध
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 सितंबर। जिले के महतारी 102 एक्सप्रेस के कर्मचारी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल में जिला अस्पताल और अन्य ब्लॉक के सीएचसी में संचालित 10 महतारी 102 एंबुलेंस के करीब 40 कर्मचारी शामिल हो रहे हैं।
कर्मचारियों का आरोप है कि राज्य सरकार ने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले सभी कर्मचारियों को नियमित करने की बात कही थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद वह अपना वादा भूल गए हैं और अन्य को 102 एंबुलेंस का ठेका देकर पुराने लोगों को निकाल रहे हैं।
इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन भगवती साहू ने आरोप लगाया कि जिस कंपनी को ठेका दिया है, उसके द्वारा सुरक्षा नीति के नाम पर 50 हजार लेकर कर्मचारियों की भर्ती भी की जा रही है। इसलिए कर्मचारियों ने विरोध करते हुए गुरुवार को मोर्चा खोलकर जिला अस्पताल में एंबुलेंस खड़ी कर विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्टर को ज्ञापन देकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है।
महतारी एक्सप्रेस कर्मचारियों का आंदोलन राज्य स्तर पर शुरू हुआ है। कर्मचारियों के आंदोलन में होने के कारण स्वास्थ्य सुविधा प्रभावित होगी। समय पर गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी के लिए समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सेवा बंद हो जाने के कारण डायल 112 पर इसका भार पड़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को मिलने वाली निशुल्क सुविधा प्रभावित हो रही है।
नियमित करने का वादा किया था अब मुकर रही है-जिलाध्यक्ष
महतारी एक्सप्रेस कर्मचारियों के संघ के जिला अध्यक्ष दीपक वर्मा ने बताया कि कई कई बार कर्मियों को दो-तीन महीने से वेतन नहीं मिलता है। जिसकी वजह से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कभी-कभी तो चार महीने बाद वेतन का भुगतान होता है। शासन से नियमित करने का वादा किया था, पर अब अपने वादे से मुकरती दिख रही है।
108 से लिया जा रहा है इमरजेंसी का काम- सीएमएचओ
सीएमएचओ डॉ. एमपी महेश्वर ने कहा कि जिले के महतारी 108 एक्सप्रेस के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। अगले एक दो दिनों में नया सेटअप आ जाएगा। कुछ लोगों ने अफवाह फैलाई है कि संजीवनी 108 के कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं, लेकिन ऐसा नहीं है संजीवनी 108 महतारी 102 की भूमिका निभा रही है।
108 की टीम ने गर्भवती को पहुंचाया अस्पताल, सुरक्षित प्रसव
संजीवनी 108 के हेतु साहू ने बताया कि बुधवार की रात डमरू के ग्राम भद्र निवासी गर्भवती रामकली को अस्पताल ले जाने परिजनों ने 108 महतारी एक्सप्रेस को फोन लगाया, पर सुबह 7 बजे तक संपर्क नहीं हो पाया। परिजन रात भर परेशान होते रहे। आखिरकार उन्होंने सुबह 7 बजे 108 को सूचना दी जिसके संजीवनी एक्सप्रेस की टीम ने एंबुलेंस में गर्भवती को जिला अस्पताल पहुंच कर सुरक्षित प्रस्ताव कराया, जहां महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।