गरियाबंद
.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 23 सितम्बर। मैनपुर में पहुंची परिवर्तन यात्रा की भव्य आमसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा केंद्र की सरकार को एक गरीब मां का बेटा चला रहा है, वो गरीब का दर्द जानते है यही कारण है आज हमारे पड़ोसी प्रदेश से एक आदिवासी की बेटी राष्ट्रपति के पद पर पहुंच चुकी है।
भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के लोगों को मूर्ख समझकर प्रदेश के लोगों को गेड़ी चलाना, कांटे वाला चम्मच में बासी खाना सीखा रहे है। छत्तीसगढ़ के लोग मेहनती है ,ईमानदार है बेवकूफ नहीं है वो गेड़ी चढऩा भी जानते है,बासी खाना भी जानते है। आपने विकास के काम करना चाहिए थे जो आपने नहीं किए।
जिसने छत्तीसगढ़ के लोगो को लुटा उस कांग्रेस से बदला लेने का समय आ गया है। प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ आकर बड़े-बड़े भाषण देती है, जब वो छत्तीसगढ़ आई तो एडिशनल एसपी के ऑफिस की पार्किंग में नाबालिग के साथ बलात्कार हो रहा था। भूपेश बघेल प्रियंका गांधी के लिए गुलाब के फूल बिछाते है, लेकिन छत्तीसगढ़ की बेटियों की सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाते। उन्होंने कहा भूपेश बताए कांग्रेस विधायकों के पास जो नोट के बंडल दिख रहे है वो कौन से घोटाले के हैं कोयला, शराब या चावल घोटाला?
मैनपुर में परिवर्तन यात्रा की आमसभा को संबोधित करते हुए भारत सरकार के मंत्री कृष्णा पाल गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस राज में छत्तीसगढ़ बेरोजगारी में नंबर 1,अपराध ने नंबर वन 1, वादाखिलाफी में नंबर 1 है। मोदी जी का भेजा अन्न भी कांग्रेसी खा गए इंसान तो इंसान गाय के गोबर का पैसा भी खा गए। ऐसी सरकार को छत्तीसगढ़ के हित के लिए हटाना ही होगा। कांग्रेस राज ने हम सब कुछ दूसरे देशों से मंगवाते थे आज मोदी राज में हम दूसरे देशों को सामान बेचते है।
मोदी जी न होते तो 370 धारा नहीं हट सकती थी, राम मंदिर नहीं बनता, देश का विकास न होता। मोदी जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार विकास के नए कीर्तिमान बनाएगी और अगर छत्तीसगढ़ का डंका पूरे देश में बजवाना है तो भाजपा को वोट दे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि कांग्रेस यहां जो भ्रष्टाचार करती है उसकी बातें हम झारखंड तक सुनते है। नारी उत्पीडऩ यहां चरम पर है। एक तरफ कांग्रेस की सरकार नारियों का शोषण कर रही है, वहीं भाजपा की मोदी सरकार नारियों का वंदन कर रही है। वर्षों से अटका महिला आरक्षण का नारी शक्ति वंदन अधिनियम मोदी सरकार ने पास करा महिलाओं को राजनीति में उनका हक देने का एक उपहार देने का काम किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री भानुप्रताप वर्मा ने कहा 2003 में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के बाद 15 साल तक भाजपा को अवसर दिया था इस बार भी आप ऐसे ही करेंगे हमें विश्वास है।
आम सभा में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्ण कुमार गुर्जर, भानुप्रताप सिंह वर्मा, अन्नपूर्णा देवी यात्रा प्रभारी शिवरतन शर्मा,सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व सांसद चंदुलाल साहू, पिंकी शिवराज शाह,क्षेत्रीय विधायक डमरुधर पुजारी, पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी, जिलाध्यक्ष राजेश साहू, विधानसभा प्रभारी महेंद्र पंडित,भागीरथी मांझी, हलमन सिंह ध्रुवा, महेश कश्यप सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता गण माजूद रहे।