बस्तर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 23 सितंबर। दंतेवाड़ा जिले में शुक्रवार को प्रेमी जोड़े ने पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी लगते ही परिजनों के साथ ही पुलिस भी मौके पर आ पहुंची, जहां शव को पीएम के लिए भेज दिया गया, जहां पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि 12वीं क्लास में पढऩे वाले एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। गांव के पास स्थित जंगल में दोनों का शव एक साथ पेड़ पर लटकता हुआ मिला। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। हालांकि दोनों अलग अलग स्कूल में पढ़ाई कर रहे थे। गांव में एक साथ दोनों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया, पूरा मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक जावंगा गांव का रहने वाले 18 साल के एक लडक़े को गांव की ही 17 साल की लडक़ी से प्यार हो गया था। दोनों एक-दूसरे से पिछले कई महीने से लगातार कॉन्टेक्ट में थे।
बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे से शादी भी करना चाहते थे। इस बात की जानकारी इनके परिजनों को भी मिली। परिजन इन्हें एक-दूसरे से बातचीत करने से मना कर दिए और सिर्फ पढ़ाई में ध्यान देने कहा। इसी बात से खफा दोनों ने आत्महत्या करने का मन बना लिया। जिसके बाद शुक्रवार की दोपहर दोनों गांव के पास स्थित जंगल गए। जहां एक पेड़ में एक ही फंदे से लटककर दोनों ने अपनी जान दे दी। गांव के ही कुछ ग्रामीण जंगल गए हुए थे।
उन्होंने दोनों के शव को देखा। फिर इसकी जानकारी परिजनों और गांव के अन्य ग्रामीणों को दी गई। साथ ही गांववालों ने पुलिस को भी खबर की।
जिसके बाद गीदम थाना प्रभारी सलीम खाखा समेत अन्य जवान मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। शाम के शव को परिजनों को सौंप दिया गया। आज गांव में ही दोनों के शवों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
गीदम एसडीओपी आशा रानी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।