बेमेतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 24 सितंबर। ग्राम मल्दा में 20 साल के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को गिरफ्तार कर आरोपियों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 21 सितंबर को प्रार्थी करण ध्रुव ग्राम मल्दा निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 सितंबर को करीब 9.30 बजे रात्रि में गवेन्द्र यादव को आरोपी अपने साथ अपने घर लेकर गया था। उसके बाद सुबह उसकी लाश संदिग्ध हालत में गांव में सडक़ किनारे मिली थी। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की।
पड़ताल में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनो आरोपियों ने एक राय होकर गवेन्द्र यादव को फांसी के फंदे पर लटकाकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने एवं साक्ष्य छिपाने के लिए अपनी बाड़ी के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी रामदयाल साहू (50), नोहर साहू (23) मल्दा थाना नांदघाट पर धारा 302, 201, 120 बी, 34 भादवि के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
परेशान करने पर की हत्या
आरोपी रामदयाल साहू एवं नोहर साहू ने पूछताछ में बताया कि मृतक गवेन्द्र यादव आरोपियों के परिजनों को परेशान करता था। इसकी जानकारी होने पर आवेश में आकर योजना बनाकर उसे अपने घर के कोठा में ले जाकर नांगर जोता की नायालोन रस्सी को गवेन्द्र यादव के गले में फंदा डालकर हत्या की। फिर आत्महत्या का रूप देने एवं साक्ष्य छुपाने के लिए लाश को बाड़ी किनारे फेंक देना स्वीकार किया।