राजनांदगांव

मुख्यमंत्री बघेल ने हर वर्ग को किया खुश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 सितंबर। पूर्व मंत्री एवं अंत्यावसायी सहकारी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला ने बयान देते कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की योजनाओं से भाजपा डरी हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी वर्ग का ध्यान रखते सभी वर्ग के लोगों को अपनी योजनाओं से लाभ पहुंचाया है। यह कोशिश अभी भी जारी है। इस पर भाजपा को तकलीफ हो रही है। ईष्र्या करते भाजपा के नेता कह रहे हैं कि चुनाव देखकर दनादन भूमिपूजन, उद्घाटन, लोकार्पण और लोगों के खातों में राशि का अंतरण कर रहे हैं।
श्री पाटिला ने कहा कि कांग्रेस की भावना ही जन सेवा है तो जन सेवा को छोडक़र और क्या कर सकते हैं? जिस जनता ने कांग्रेस पर पूर्ण विश्वास रखते छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार को बेदखल किया और कांग्रेस को बैठाया तो भरोसे की सरकार समझ कर ही कांग्रेस को सत्ता सौंपे हैं।
कांग्रेस जनता के भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरी है और जनता कांग्रेस को पुन: सत्ता सौंपने का पूरा मूड बना चुकी है। भाजपा के नेताओं को खुफिया रिपोर्ट से यह पता चल रहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार रिपीट हो रही है तो वह कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेताओं को बदनाम करने के नाना प्रकार के षडयंत्र कर रहे हैं।