राजनांदगांव

त्यौहारी सीजन में किसानों के खाते में पहुंची राशि से बाजार में बढ़ेगी रौनक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अक्टूबर। राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त किसानों के खाते में पहुंच गई है। राजनांदगांव जिले के एक लाख 20 हजार किसानों के खाते में 84 करोड़ रुपए राज्य सरकार ने हस्तांतरित कर दिया है। किसानों को मिली इस राशि से व्यापारिक जगत में हलचल बढ़ गई है। त्यौहारी सीजन में किसानों के खाते में पहुंची राशि से बाजार में रौनक बढ़ गई है। किसानों के चेहरे में खुशी साफतौर पर नजर आ रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक बलौदाबाजार में राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के प्रवास के दौरान राज्य सरकार ने न्याय योजना की तीसरी किस्त जारी कर दी थी। न्याय योजना के तहत किसानों को मिली राशि से उनकी आर्थिक स्थिति जहां सुधर रही है। वहीं बाजार में भी इसका सकारात्मक लाभ भी दिख रहा है। यहां यह बता दें कि किसानों को प्रति एकड़ 9 हजार रुपए की सब्सिडी के तहत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने न्याय योजना की शुरूआत की थी। इस तरह से किसानों को धान का समर्थन मूल्य गत वर्ष 2600 रुपए प्रति क्विंटल में मिला था। उक्त सब्सिडी को 4 किस्तों में दिया जा रहा है।
जिले के एक लाख 20 हजार किसानों को कुल 84 करोड़ 40 लाख रुपए मिल गया है। राशि मिलने से किसानों को आर्थिक संबलता भी सरकार द्वारा दी जा रही है। आने वाले दिनों में त्यौहारों की श्रृंखला है। जिसमें नवरात्रि, दशहरा, दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार है। न्याय योजना से मिले राशि से किसान अपनी जरूरतों को पूरा करते आगामी त्यौहारों को बेहतर तरीके से मना पाएंगे। तीसरी किस्त की राशि मिलते ही बैंकों में किसानों की लंबी कतार देखने को मिलेगी। राजीव गांधी न्याय योजना से कृषक वर्ग काफी उत्साहित हैं।