बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 सितंबर। कोटा थाना क्षेत्र में 22 सितंबर, रविवार को लडक़े-लड़कियों का एक ग्रुप नशे की हालत में कोरी डैम की ओर जा रहा था। पेंडारी के कुछ लडक़ों ने रास्ते में कमेंट्स किए, जिससे विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ते-बढ़ते कोटा के पास स्थित 24 कैरेट होटल के पास मारपीट में तब्दील हो गई।
घटना के दौरान लड़कियों के साथ मौजूद एक युवक ने चाकू निकालकर प्रार्थी पर हमला कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने टीम गठित कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले से ही अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनकी गुंडा फाइल भी खोली जा रही है। गिरफ्तार आरोपों में शुभम लहरे, हर्ष, भूमिका व पायल बिलासपुर की तथा पायल सकरी की रहने वाली है।