कोण्डागांव

किसान विरोधी कृत्यों के खिलाफ प्रदर्शन करेगी भाजपा
08-Jan-2021 8:54 PM
 किसान विरोधी कृत्यों के खिलाफ प्रदर्शन करेगी भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 8 जनवरी। अपने चुनावी घोषणापत्र में संसाधन और अवसर लाने जैसे लोकलुभावन वादे करके सत्ता में आईं राज्य की कांग्रेस सरकार ने दो साल में विफलता के सारे कीर्तिमान हासिल कर लिए हैं। हालात इतने खराब हैं कि, कांग्रेस अध्यक्ष के क्षेत्र में किसान धनीराम ने आत्महत्या कर ली। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और प्रदेश सरकार किसानों को मानसिक रोगी बताती हैं। उक्त बातें प्रदेश संगठन से जिला प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने 7 जनवरी को अटल सदन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से चर्चा के दौरान कही।

 प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य सरकार की वादाखिलाफी, धान खरीदी की अव्यवस्था, संग्रहण केंद्र की वर्तमान स्थिति, रकबा कटौती व 13 जनवरी को आयोजित होने जा रही विधानसभा स्तरीय प्रदर्शन पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

प्रदेश प्रवक्ता केदार कश्यप ने मीडिया को संबोधित करते कहा कि, गंगाजल हाथ में लेकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार से वह पूछना चाहते हैं कि, नागरिक आपूर्ति निगम में जो 22 लाख मीट्रिक टन चावल पीडीएस के लिए चाहिए। उसके लिए डिलीवरी ऑर्डर काटकर धान खरीदी केंद्रों से धान क्यों नहीं उठवा रहे हैं। जब संग्रहण केंद्रों में 35 लाख मीट्रिक टन की व्यवस्था हैं तो धान ले जाने के लिए ट्रांसपोर्ट ऑर्डर क्यों नहीं काटे जा रहे हैं। आगे कहा कि बारदानों की व्यवस्था को चौपट कर खरीदी की व्यवस्था को बिगाड़ा गया है। बारदाना किसान को लाना पड़ रहा है, जिसका उसे आधा दाम भी नहीं मिल पा रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी ने कहा कि, रकबा में कटौती कर मेड़ के रकबे को काटकर किसानों के साथ अन्याय किया गया है। जब छत्तीसगढ़ का किसान खेत के मेड़ के रकबे का टैक्स पटाता है और लगान भी देता है तो खेत के मेड़ के रकबे की कटौती धान खरीदी में क्यों। किसानों के साथ हो रहे अन्याय, छलावे, षडयंत्र और वादाखिलाफी को पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ खड़ी है और इसलिए पार्टी द्वारा 13 जनवरी को प्रदेशभर में विधानसभा स्तरीय प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में 22 जनवरी को जिला स्तरीय प्रदर्शन भी होगा।

उक्त प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष दीपेश अरोरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री चंदन साहू, जिला महामंत्री आकाश मेहता, नगर पालिका अध्यक्ष हेमकुवर पटेल मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news