कोरिया

फुटपाथ व्यापारियों से स्वच्छता शुल्क लेने के विरोध में भाजपा का धरना-प्रदर्शन
11-Jan-2021 6:24 PM
फुटपाथ व्यापारियों से स्वच्छता शुल्क लेने के विरोध में भाजपा का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर, 11 जनवरी।
नगर पालिका द्वारा फुटपाथ व्यापारियों से स्वच्छता शुल्क लिये जाने के विरोध में भाजपा ने रविवार को जमकर हल्ला बोला। रविवार 10 जनवरी को भाजपा द्वारा शहर के घड़ी चौक में विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि भाजपा के कई नेताओं ने जमकर कांग्रेस की नीति-रीति का विरोध करते हुए काफी कुछ कहा, परन्तु भाजपा मण्डल अध्यक्ष भानूपाल के उद्बोधन ने लोगों का ध्यान खींच लिया।

भाजपा के धरना प्रदर्शन के दौरान प्राय: परदे के पीछे रहने वाले भाजपा के मंडल अध्यक्ष भानु पाल के उद्बोधन ने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने नपा के सीएमओ व नपा अध्यक्ष पर जमकर कटाक्ष करते हुए अपनी भड़ास निकाली। मण्डल अध्यक्ष भानुपाल ने कहा कि नगर पालिका परिषद में विकास के नाम पर यहां जमकर भ्रष्टाचार चल रहा है। नपा के अध्यक्ष स्वयं ठेकेदार है, जनता की इनको कोई फिक्र तक नहीं है। हाल में छोटे व्यापारियों के हित को ध्यान में न रखकर शुल्क वसूली करने का तुगलुकी फरमान जारी कर दिया है। जबकि पूर्व में नपा द्वारा एक साथ कई वर्षों का शुल्क वसूली करने का कार्य किया। उन्होंने आगे कहा कि नपा अध्यक्ष ने आयुक्त चिरमिरी को नपा में सीएमओ के रूप में बुला लिया कि उनके आने से शहर विकास तेजी से होगा और शहर को चार चांद लगा देेगी लेकिन सीएमओ ने तो शहर को चिडिय़ा घर बना दी और शहर वासियों को पिंजड़े में कैद करने का प्रयास कर रही है। ऐसा केाई भी कार्य शहरवासी बर्दाश्त नहीं करेंगे। 

उन्होंने नपा अध्यक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि तालाब से शहर विकास कार्य शुरू कराया था जो अब सिमट गया है। तालाब की स्थिति आज लाखों खर्च करने के बाद क्या है देखा जा सकता है। चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में बड़े वायदे किये गये थे उसके अनुरूप कहां कार्य हो रहा है। अध्यक्ष अपने ही घोषणा पत्र को भूल गये। तुगलकी फरमान से छोटे व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि पहले जहां घड़ी चौक पर घड़ी लगा करती थी आज शहर के उक्त चौक पर घड़ी गायब है और उसके स्थान पर पोस्टर लगा हुआ है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारीगण, पार्षद, व भाजपा कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजित धरना प्रदर्शन को भाजपा के कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। उल्लेखनीय है कि मण्डल अध्यक्ष ने कलेक्टर को ज्ञापन दिया था और यह बताया था कि नपा द्वारा जारी शुल्क वसूली के तुगलकी फरमान को वापस नहीं लिया जाता है तो भाजपा मण्डल विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news