बीजापुर

विश्वासघात में कांग्रेस अव्वल-महेश गागड़ा
12-Jan-2021 7:08 PM
विश्वासघात में कांग्रेस अव्वल-महेश गागड़ा

   दो साल में विफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ चुकी है कांग्रेस    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 12 जनवरी।  मंगलवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर जनता के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया हैं।

 पूर्व विधायक महेश गागड़ा ने  आरोप लगाया  कि दो साल में कांग्रेस सरकार ने विफलता के सारे कीर्तिमान हासिल कर चुकी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बैठी कांग्रेस की सरकार किसान विरोधी है और प्रदेश के किसानों के साथ लगातार अन्याय कर रही है। कांग्रेस ने वादाखिलाफी और विश्वासघात के नित नए रिकार्ड बना रही है।पिछले वर्ष का जिले के 1200 से अधिक  किसानों के धान की कीमत का पूरा भुगतान नहीं किया गया। वर्तमान में भी 20 दिन गुजर जाने पर भी किसानों के खातों में अब तक एक रुपये भी नहीं पहुंचा। विधानसभा में सरकार ने कहा था कि प्रदेश में इस सीजन में कुल 4 लाख से अधिक बारदानों की जरूरत है। जिसमें 3 लाख 30 हजार बारदाने उपलब्ध है और 1 लाख 15 हजार बारदाने की जरूरत होगी। लेकिन समय रहते किसानों से संबंधित समस्याओं के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। हालात यह है कि किसान खुद 30 से 40 रुपये में बारदाने खरीदने को मजबूर है।एक महीना विलंब से धान खरीदी करना छत्तीसगढ़ के भोले भाले किसानों के साथ विश्वासघात है। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने व्यापारी, बिचौलिए दलाल मित्रों को लाभ पहुंचाने का षडयंत्र कर रही है।

हरीश कोर्राम के परिवार को एक करोड़ का मुआवजा दे कांग्रेस 

मुख्यमंत्री प्रवास की तैयारी के दौरान करंट लगने से एक आदिवासी युवा की मौत हो जाने का गम न तो सरकार के मुखिया को रहा और न ही विधायक व प्रशासन को रहा। पूर्व मंत्री गागड़ा ने कहा कि हरीश कोर्राम अपने परिवार का एक लौता पुत्र था। उसकी मृत्यु पर सीएम विधायक और प्रशासन का दुख तक न व्यक्त करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।कांग्रेस की सरकार आदिवासियों के हक की लड़ाई लडऩे की बात करती है। लेकिन असल में ये सरकार आदिवासियों का शोषण कर रही है। उन्होंने  हरीश कोर्राम के परिवार को एक करोड़ की मुआवजा राशि और परिवार के किसी  व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की मांग सरकार से की है।

पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा ने आरोप लगाया कि आवापल्ली से उसूर सडक़,आवापल्ली से इलमीड़ी सडक़ पर जमकर भ्रष्टाचार किया गया है। आवापल्ली से उसूर सडक़ आजादी के बाद पहली बार बन रही थी। यह सडक़ करोड़ो रूपये की लागत से बन रही थी। लेकिन यह सडक़ बनने के एक महीने बाद ही सडक़ पूरी तरह उखड़ गई और अब चलने लायक भी नहीं बची है। उन्होंने इसमें जमकर कमीशनखोरी किये जाने की बात कही है। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि जिले के हर काम मे विधायक का कमीशन बंधा हुआ है।कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है।

22 जनवरी को भाजपा करेगी जिला मुख्यालय में प्रदर्शन - भाजपा 22 जनवरी को छत्तीसगढ़ सरकार की वादा खिलाफी,धान खरीदी में अव्यवस्था, रकबा कटौती जैसे किसान विरोधी कृत्यों के खिलाफ जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news