सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भैयाथान, 12 जनवरी। प्रदेशभर के पंचायत सचिव अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर कलम बंद, काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। आज भैयाथान में हड़तालियों के समर्थन में भाजपा मंडल अध्यक्ष मार्तण्ड साहू सहित मंडल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता धरना स्थल पहुंचे और उनके एक सूत्रीय मांग का समर्थन किया।
गौरतलब है कि प्रदेश भर के पंचायत सचिव अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। इनके मांग है, कि दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूर्ण कर चुके पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाए। इस मांग को लेकर लगातार सचिव हड़ताल पर है। पंचायत सचिव की हड़ताल को समर्थन देने पहुँचे मंडल अध्यक्ष मार्तण्ड साहू ने कहा कि सचिवों की मांग जायज है, भाजपा आपके जायज हक के लिए आपके साथ है। वही भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव प्रताप सिंह ने भी पंचायत सचिवों को संबोधित करते हुए उनकी मांग के समर्थन में अपनी बात रखी।
इस दौरान कृष्णदत्त तिवारी, लालचंद शर्मा,शांतनु गोयल, प्रकाश दुबे ,अमन प्रताप सिंह,राजेश पांडेय,सहित काफी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता सहित पंचायत सचिव उपस्थित थे।