राजनांदगांव

धान-बेरोजगारी भत्ता और गोबर योजना को लेकर भाजपा का भूपेश सरकार पर चौतरफा हमला
13-Jan-2021 5:47 PM
धान-बेरोजगारी भत्ता और गोबर योजना को लेकर भाजपा का भूपेश सरकार पर चौतरफा हमला

धान खरीदी में अव्यवस्था और सरकार की वादाखिलाफी को लेकर भाजपा ने विधानसभा स्तरीय धरना दिया। राजधानी के बूढ़ातालाब धरना स्थल में सांसद सुनील सोनी, शहर जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, नंदकुमार साहू, सुभाष तिवारी, रमेश ठाकुर, अशोक पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। इस मौके पर वक्ताओं ने सरकार को जमकर कोसा।

नांदगांव जिले में विधानसभावार धरना प्रदर्शन में राज्य सरकार के खिलाफ ताबड़तोड़ हमले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जनवरी।
प्रदेश में किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों समेत राज्य सरकार की महती गोधन न्याय योजना समेत अन्य योजनाओं के खिलाफ भाजपा ने राज्य सरकार पर चौतरफा हमले किए। बुधवार को  नांदगांव जिले में विधानसभावार हुए धरना प्रदर्शन में  दो साल बाद भाजपा ने एकजुटता दिखाते हुए राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। राजनांदगांव विधानसभा के अलावा अलग-अलग विधानसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दमदारी दिखाते हुए सरकार को जमकर लताड़ लगाई। भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार  किसानों समेत हर तबके के साथ विश्वासघात कर रही है। दो साल पहले किसानों को बोनस देने का झूठा वादा कर कांग्रेस ने राज्य का बागडोर सम्हाला। 

भाजपा नेताओं का कहना है कि किसानों की स्थिति  कांग्रेस के बजाय भाजपाराज में बेहतर थी। किसानों को अपनी उपज बेचने में पर्याप्त समय मुहैया कराया जाता था। जबकि कांग्रेस सरकार ने एक माह के देरी से फसल खरीदी कर किसानों को अपनी उपज बेचने का कोई मौका नहंी दिया। लिहाजा किसानों को कम कीमत पर अपनी फसल बाहर बेचना पड़ा। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से जानबूझकर फसल खरीदी में देरी की है। 

खैरागढ़ विधानसभा के छुईखदान में आयोजित धरना प्रदर्शन में प्रदीप गांधी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह एवं पूर्व संसदीय सचिव कोमल जंघेल समेत कई नेताओं ने राज्य सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। उधर खुज्जी के पूर्व विधायक रजिंदरपाल सिंह भाटिया ने भी किसानों की खस्ता हालत को लेकर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसान विरोधी है और झूठे वायदों के बल पर सत्ता में आई है। प्रदेश और जिले के किसान कांग्रेस के चाल और चरित्र को बखूबी समझ गए हैं। इस बीच डोंगरगढ़, मोहला-मानपुर, डोंगरगांव विधानसभा में भी भाजपा ने जंगी प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि किसानों के मुद्दों को लेकर इन दिनों भाजपा बेहद आक्रामक रूख में है। किसानों की स्थिति खराब होते देखकर भाजपा ने सीधे सडक़ में उतरकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

किसानों के मुद्दों पर भाजपा को बोलने का हक नहीं- छन्नी
भाजपा के प्रदर्शन पर तीखा सवाल करते जिले की इकलौती कांग्रेस महिला विधायक छन्नी साहू ने कहा कि भाजपा को किसानों के हित में बात करने का कोई हक नहीं है। 15 साल के शासन में किसानों का हमेशा भाजपा ने शोषण किया है। कांग्रेस एकमात्र पार्टी है जिसकी सरकारी योजनाएं इस वर्ग के इर्द-गिर्द घूमती है। खुज्जी विधायक श्रीमती साहू ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से बारदाना निर्माण पर्याप्त मात्रा में नहीं हुए। जूट की फैक्टियां लॉकडाउन में बंद रही। इस कारण बारदाने का थोडा संकट है। जल्द ही इस समस्या को दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों का एक-एक दाना सरकार खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। किसान यदि तय मियाद पर फसल नहीं बेच पाए तो सरकार की ओर से पर्याप्त मोहलत दी जाएगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news