सरगुजा

किसानों के साथ धोखा किया है कांग्रेस सरकार ने -रामविचार
13-Jan-2021 9:22 PM
 किसानों के साथ धोखा किया है  कांग्रेस सरकार ने -रामविचार

  धरना-प्रदर्शन के बाद पैदल मार्च करते हुए राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 13 जनवरी। भाजपा के द्वारा विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा, व्यापार एवं सहकारिता स्थाई समिति के सभापति राजेश यादव एवं  हजारों किसानों की उपस्थिति में स्थानीय लरंग साय कम्युनिटी हॉल में किया गया। जहा वक्ताओं ने भूपेश बघेल सरकार पर जमकर भड़ास निकालते हुए किसान विरोधी सरकार बताया। धरना प्रदर्शन के बाद पैदल मार्च करते हुए राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि आप सब किसानों का यहां इतनी संख्या में आना इस बात को दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार से आप सब किसान कितने परेशान हैं। आपकी पीड़ा आपके चेहरे पर स्पष्ट दिखती है। कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। किसानों का कर्ज माफी, 2500 रु. क्विंटल धान लेने का झूठा वादा करके किसानों को सिर्फ और सिर्फ परेशान करने का काम कांग्रेस सरकार कर रही है।  श्री नेताम ने आरोप लगाया कि किसान अपना धान जहां 10-12 बार रुपए किलो बेचने को मजबूर हैं, वहीं कांग्रेस के नेता उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, झारखंड से धान लाकर 25 किलो बेच रहे हैं।

 जिला उद्योग एवं सहकारिता स्थाई समिति के सभापति राजेश यादव ने कहा कि आज कांग्रेस के 2 साल के कार्यकाल में ही किसान कांग्रेस सरकार की नीतियों से बौखला गए हैं। किसानों को सिर्फ परेशान करने का काम कांग्रेस की सरकार कर रही है। किसानों के साथ अन्याय हम सब बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम सब किसानों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल कृष्ण मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसानों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी हम हर स्तर पर किसानों के साथ हो रहे अन्याय का प्रतिकार करेंगे एवं उनके साथ खड़े रहेंगे। धरना प्रदर्शन को शैलेश गुप्ता एवं लालमन यादव के द्वारा भी संबोधित किया गया।

 इस दौरान कन्हैया लाल अग्रवाल, अरुण केसरी, शैलेश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि धीरज सिंह देव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बी लाल गुप्ता जिला भाजपा मीडिया प्रभारी गौतम सिंह सांसद प्रतिनिधि अमित गुप्ता मंटू दिलीप सोनी सुदीप विश्वास अश्वनी गुप्ता अजय यादव विक्रम गुप्ता नंदकिशोर गुप्ता, संतोष यादव पलगी, अशर्फी यादव इरफान अंसारी अनुज यादव महबूब आलम, सहित हजारों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन दिवाकर मुखर्जी एवं भानु प्रकाश दीक्षित ने किया।

 रामविचार नेताम ने आरोप लगाया कि किसानों के साथ पग पग पर अवैध वसूली हो रही है पहले गिरदावरी के नाम पर किसानों से अवैध वसूली की गई उसके बाद अब धान बेचने के लिए बोरा लेने से धान बेचने तक किसानों को चढ़ावा चढ़ाना पड़ रहा है स्थिति ऐसी है कि किसानों से पैसा लेकर भी किसानों का कार्य नहीं हो रहा है किसान बहुत ही परेशान है।

श्री नेताम ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को हताश एवं निराश होने की जरूरत नहीं है जिस प्रकार से भाजपा कार्यकर्ताओं को चुन चुन कर अधिकारियों के द्वारा प्रताडि़त करने का कार्य किया जा रहा है इसका रिकॉड मेरे पास है कार्यकर्ता हमें हर एक चीज से अवगत कराते हैं श्री नेताम ने अधिकारियों को चेताया कि आपका रिकॉर्ड हमारे पास है इसे हम देखेंगे।

 अपने उद्बोधन में रामविचार नेताम ने स्थानीय विधायक को भी जमकर निशाने पर लिया। श्री नेताम ने विधायक पर कई गंभीर आरोप एक के बाद एक लगाते चले गए। श्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस को लूट का लाइसेंस मिल गया है।

 रामविचार नेताम ने कहा कि किसानों की पीड़ा हमें नहीं देखी जा रही है यदि हमारी सरकार होती तो ऐसा दिन किसानों को नहीं देखना पड़ता। 15 वर्ष हम लोगों के द्वारा धान खरीदी की गई परंतु कभी भी किसान इतने परेशान नहीं रहे। आज कांग्रेस के 2 साल के कार्यकाल में ही किसान त्रस्त हो गए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news