राजनांदगांव

रात गुजारने रोज ठिकाने बदलता था मैनूराम, मौका मिलते नक्सलियों ने की हत्या
15-Jan-2021 12:31 PM
रात गुजारने रोज ठिकाने बदलता था मैनूराम, मौका मिलते नक्सलियों ने की हत्या

मानपुर भाजपा नेता समेत 25 को जान से मारने नक्सल धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 जनवरी।
मानपुर के पुरदौनी में नक्सलियों के कू्रर हत्या का शिकार हुए मैनूराम सलामे की महीनों से जान सांसत में पड़ी हुई थी। मई 2020 को पुरदौनी में हुए पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में चार हार्डकोर नक्सलियों के मारे जाने के बाद से ही मैनूराम को पुुलिस और दूसरो के जरिए जान का खतरा होने की सूचना मिल रही थी। गरीब 9 माह से नक्सल भय के चलते मैनूराम की नींद छीन गई थी। बताया जाता है कि करीब पांच दिन पहले मानपुर पुलिस ने मैनूराम पर हमला होने की आशंका जताते उसे गांव से बाहर निकलने की सूचना दे थी। 

बताया जाता है कि मैनूराम हर रात को सोने के लिए अपना ठिकाना बदलता था। कई दिनो तक उसने मानपुर में भी रात गुजारी। वही गांव के दूसरों के घर समेत पड़ोसी गांवो में भी रात को वह ठहरता था। बताया जाता है कि मैनूराम सलामे को नक्सलियों ने पंचायत चुनाव नही लडऩे के लिए भी चेताया था। पंचायती चुनाव में उसकी पत्नी सोनारोबाई सरपंच निर्वाचित हुई। लिहाजा मैनूराम को पंचायती कामकाज के लिए गांव में मौजूद रहना पड़ता था। नक्सलियों ने बुधवार रात को मैनूराम के घर में होने की सूचना के बाद अचानक धावा बोल दिया। नक्सलियों को देखकर मैनूराम ने अपनी ओर से ज्यादा सफाई नही दी। हालांकि पत्नी समेत बच्चों ने नक्सलियों से मैनूराम को बख्शने की मिन्नते की। 

बताया जाता है कि मैनूराम को देखते ही नक्सली उस पर टूट पड़े। घर से बेदम पिटाई करते हुए उसे गांव के बीच चौराहेे में पीट-पीटकर जान ले ली। नक्सलियों ने गांव में नक्सल पोस्टर चस्पाकर मैनूराम को सीधे पुरदौनी मुठभेड़ का मुखबिर होने को आरोप लगाया। बताया जाता है कि मैनूराम सलामे की चीख को पूरे गांव ने घर में दुबके रहते हुए सुना। लेकिन किसी ने नक्सलियों को इस जघन्य हत्या का विरोध नही किया। इधर पुलिस को मिले नक्सल पर्चे में मानपुर के भाजपा नेता राजू टांडिया को भी जान से मारने की चेतावनी दी है।
 
बताया जाता है कि टांडिया को मृतक मैनूराम सलामे से दोस्ताना रिश्ता था। सूत्रों का कहना है कि टांडिया पर आदिवासियों को विरोधी भी माना जाता है। बताया जाता है कि आदिवासी समाज के कुछ कार्यक्रम का टांडिया ने खुलकर विरोध किया है। इस बीच नक्सल पर्चे में कुल 25 लोगों को मारने का जिक्र किया गया है। बताया जाता है कि पुलिस ने भाजपा नेता टांडिया को भी सर्तक रहने की हिदायत दी है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के एक और नेता भी नक्सलियों के निशाने पर है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news