बस्तर

बस्तर में बर्ड फ्लू के दो मामलों की पुष्टि, कलेक्टर ने दिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश
18-Jan-2021 9:19 PM
बस्तर में बर्ड फ्लू के दो मामलों की पुष्टि, कलेक्टर ने दिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 18 जनवरी। बस्तर जिले में बर्ड फ्लू के दो मामलों की पुष्टि हो चुकी है। कलेक्टर रजत बंसल ने बर्ड फ्लू के नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। बर्ड फ्लू के संक्रमण को रोकने के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन जिला पंचायत कार्यालय में किया गया। बैठक में वन मंडलाधिकारी स्टायलो मंडावी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत चंद्रवाल, पशुधन विकास विभाग की संयुक्त संचालक लक्ष्मी अजगले, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरके चतुर्वेदी, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी कैलाश कोड़ोपी सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और पशुधन विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में पशुधन विकास विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती अजगले ने बताया कि बस्तर जिले में दो प्रकरणों में बर्ड फ्लू के वायरस पाए जाने की पुष्टि हो चुकी है तथा इस पर नियंत्रण के लिए सभी कार्रवाई की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पक्षियों की अप्रत्याशित मौतों की स्थिति में जानकारी प्राप्त करने के लिए नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। इसका नोडल अधिकारी  डॉक्टर राजोंरिया को बनाया गया है।

  उन्होंने बताया कि एक मामला जगदलपुर के पॉवर हाउस चौक का है, वहीं दूसरा मामला बस्तर विकास खण्ड मुख्यालय में स्थित आईटीआई के समक्ष पाया गया है। यहां मृत पाए गए पक्षियों को जांच के लिए भेजा गया था जहां बर्ड फ्लू के पाए जाने की पुष्टि हुई है। वहीं अन्य नमूने भी भेजे गए थे, जहां इसके विषाणु नहीं पाए गए।

कलेक्टर श्री बंसल ने बर्ड फ्लू के संक्रमण को रोकने के लिए सभी जरुरी सावधानियां बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि इस रोग का प्रभाव सबसे अधिक पक्षियों पर देखा गया है। उन्होंने पोल्ट्री फार्मों में सभी आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चिकन सेंटर, बत्तख व्यावसायियों से भी शासन द्वारा प्राप्त सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। कांगेर घाटी में भी पक्षियों की पूरी निगरानी के निर्देश दिए। पक्षियों की अप्रत्याशित मृत्यु की स्थिति में उसे पूरी सावधानी के साथ नमूने को जांच के लिए भेजने और पक्षी का जलस्त्रोत से दूर निष्पादन के निर्देश दिए।

कलेक्टर- एसपी पहुंचे संजय मार्केट

कलेक्टर रजत बसंल आज संजय बाजार स्थित चिकन मार्केट पहुंचे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक दीपक झा भी मौजूद थे। कलेक्टर ने सभी चिकन व्यवसायियों से बर्ड फ्लू को देखते हुए सभी आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां अपशिष्ट पदार्थों का शासन द्वारा दिये गए निर्देशों के अनुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।

प्रभावित क्षेत्रों में किया गया सेनेटाइजेशन

जिन क्षेत्रों में पक्षियों की मृत्यु बर्ड फ्लू से होने की पुष्टि हुई है। वहां सुरक्षा के तौर पर सेनेटाइजेशन का कार्य किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news