रायपुर

विधायक शैलेष पाण्डेय से बदसलूकी, ब्लॉक अध्यक्ष बर्खास्त
20-Jan-2021 5:36 PM
 विधायक शैलेष पाण्डेय से बदसलूकी, ब्लॉक अध्यक्ष बर्खास्त

मोहन मरकाम ने की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर/रायपुर, 20 जनवरी। बिलासपुर विधायक शैलेष पाण्डेय  का कॉलर पकड़ऩे वाले ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष तैय्यब हुसैन को पद से बर्खास्त कर दिया है। पार्टी ने जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया है। आज-कल में नए ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति भी कर दी जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के अधिकृत सूत्रों ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में ब्लॉक अध्यक्ष तैय्यब हुसैन को पद से बर्खास्त करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नए ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए नाम मांगे गए हैं, और स्थानीय प्रमुख नेताओं से चर्चा कर आज-कल में फैसला लिया जाएगा।

सीएम भूपेश बघेल के बिलासपुर प्रवास के दौरान न्यू सर्किट हाऊस में मामूली बात पर ब्लॉक अध्यक्ष तैय्यब हुसैन ने विधायक शैलेष पाण्डेय का कॉलर पकड़ लिया था। पाण्डेय ने इसकी शिकायत पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और संसदीय कार्यमंत्री रविन्द्र चौबे से की थी। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मरकाम ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई थी। जांच समिति में उपाध्यक्ष चुन्नीलाल साहू, कन्हैया अग्रवाल और पीयूष कोसरे थे।

जांच समिति ने घटना स्थल पर मौजूद करीब 40 नेताओं के बयान लिए थे। ज्यादातर नेताओं ने ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा विधायक से दुव्र्यवहार की पुष्टि की थी। जबकि ब्लॉक अध्यक्ष ने घटना से इंकार किया था।  ब्लॉक अध्यक्ष पर कार्रवाई नहीं करने के लिए काफी दबाव भी था। ब्लॉक अध्यक्ष पर कार्रवाई नहीं करने के लिए मुस्लिम समाज के नेताओं ने विधायक शैलेष पाण्डेय से चर्चा की थी। मगर पार्टी ने जांच रिपोर्ट पर सख्त कार्रवाई का मन बना लिया था।

प्रदेश अध्यक्ष श्री मरकाम ने फरसगांव से रायपुर आने के बाद ब्लॉक अध्यक्ष को बर्खास्त करने की अनुशंसा की। नए ब्लॉक अध्यक्ष के लिए जावेद मेनन, शहजादी कुरैशी और एक नाम की चर्चा है। स्थानीय नेताओं से चर्चा कर आज शाम तक तीनों में से किसी एक को अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news