सरगुजा
गुरुद्वारे में शबद कीर्तन, लंगर में सैकड़ों ने लिया प्रसाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 जनवरी। सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के 354वें प्रकाशपर्व को गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में भक्ति व उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। सुबह से शबद कीर्तन का आयोजन किया गया। जिसमें भक्तों ने पूरे परिवार के साथ भाग लिया। अमृत साहब ज्योति जगाते हैं...कीर्तन पर बोले सो निहाल से गुरुद्वारा गूंज उठा।
8 जनवरी से निरंतर प्रभात फेरी, नगर कीर्तन, अखंड पाठ सहित अन्य कार्यक्रम चलाए जा रहे थे। इसके लिए जिला प्रशासन का भरपूर सहयोग रहा। सिख समुदाय ने जिसे लेकर शासन प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है। श्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर आयोजित गुरु के अटूट लंगर में उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। रात्रि दिवान में गुरूवाणी के साथ शबद कीर्तन हुआ। इस अवसर पर बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। पंज प्यारे में प्रताप सिंघ सोहेल, हरमिन्दर सिंघ भामरा, प्रितपाल सिंघ मथारू, नवराज सिंघ बाबरा व गुरसेवक सिंघ भामरा रहे। जिन्हें समाज की ओर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ज्ञानी बक्सीस सिंह, सरदार निर्मल सिह धंजल, जीत सिंह भामरा, गुरुदेव राज, प्रितपाल सिंह मथारू, प्रितपाल सिंह भामरा, युवा समिति के अध्यक्ष गुरुदीप सिंह भामरा, अमन, इंदर सिंह, चरणजीत सिंह का कार्यक्रम को सफल बनाने का सहयाग रहा। इस दौरान सचिव नरेंद्र सिंह भामरा, कुलदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह भामरा सहित भारी संख्या में सिख समुदाय के लोग मौजूद थे। इस पूरे कार्यक्रम की जानकारी गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सदर नवराज सिंह बाबरा ने दी।