रायगढ़

बंद जूट मिल को शुरू करने की होगी पहल सीएम ने रायगढ़ में की कई घोषणाएं
25-Jan-2021 4:55 PM
बंद जूट मिल को शुरू करने की होगी पहल    सीएम ने रायगढ़ में की कई घोषणाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 25 जनवरी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को रायगढ़ जिले के सारंगढ़ विकासखण्ड के ग्राम-नंदेली में आयोजित अखिल भारतीय रामनामी महासभा बड़े भजन मेला में शामिल हुए। उन्होंने जयस्तंभ की पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सारंगढ़ में 50 बिस्तर अस्पताल निर्माण, कोसीर को उप तहसील बनाने और भडि़सार में जलाशय निर्माण की घोषणा की। साथ ही प्रदेश में बारदाने की कमी को देखते हुए रायगढ़ के बंद पड़े जूटमिल को शुरू करने के लिए भी पहल करने की बात कही। 
मुख्यमंत्री बघेल ने संत कबीर के दोहे मोको कहां ढूंढे बंदे, मैं तो तेरे पास में- का उल्लेख करते हुए कहा कि रामनामी समाज के लोगों ने अपने शरीर में राम का नाम गुदवाकर कहीं बाहर ईश्वर को खोजने की बजाए उन्हें खुद में स्थापित कर लिया है। उन्होंने कहा कि रामनामी समाज के लोग कठिन साधना करते हैं। पूरे शरीर में राम का नाम गुदवाते हैं। ओढऩी भी राम नाम की ओढ़ते हैं। उन्होंंने कहा कि प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने, संवारने व आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। लगभग 135 करोड़ खर्च कर राम वन गमन पथ का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें इस वर्ष 9 जगहों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

श्री बघेल ने कहा कि सरकार किसानों के लिए लगातार हितकारी निर्णय ले रही है। समर्थन मूल्य में धान खरीदी के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। इस वर्ष अभी तक 86 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान के सुविधापूर्वक उपार्जन के लिए नयी समितियां व धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के मजबूती के लिए देश दुनिया में पहली बार गोधन न्याय योजना शुरू की गई। जिसके अंतर्गत दो रुपए किलो में गोबर खरीदी की जा रही है। इससे गौपालकों, किसानों और ग्रामीणों को अतिरिक्त आय का जरिया मिल रहा है। 

उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि यह मेला हमारी एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है। यह देश के आजादी से पहले से ही आयोजित होता आ रहा है। इस वर्ष आयोजन का 112 वां साल है। इस अवसर पर विधायक सारंगढ़ उत्तरी गनपत जागड़े ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। 

इस अवसर पर विधायक रायगढ़ प्रकाश नायक, विधायक लैलूंगा चक्रधर सिंह सिदार, विधायक चंद्रपुर रामकुमार यादव, विधायक सरायपाली किस्मत लाल नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल, महापौर रायगढ़ नगर निगम जानकी काटजू, कलेक्टर भीम सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह सहित जनप्रतिनिधि, रामनामी समाज के सदस्य व ग्रामीणजन उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news