गरियाबंद
छत्तीसगढ़ और ओडिशा वनविभाग टीम की संयुक्त कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 28 जनवरी। आज वन विभाग की टीम ने दो तेंदुए की खाल के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी ओडिशा से खाल को लाकर बेचने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर वन विभाग ने यह कार्रवाई की है।
उप निदेशक उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व आयुष जैन के निर्देशन में वन विभाग की टीम संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी। छत्तीसगढ़ ओडिशा की सीमा से इलाका लगा होने के चलते ओडिशा के वन विभाग को भी अलर्ट किया गया था। इस दौरान उत्तर उदंती मैनपुर क्षेत्र के बरगवां जांगड़ा के जंगलों में 5 व्यक्ति दो मोटरसाइकिल में दो तेंदुए की खाल को बेचने की फिराक में थे, तभी उदंती एंटी पोचिंग टीम और ओडिशा के सीना पाली वन विभाग की टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर धर दबोचा।
आरोपियों के पास से दो तेंदुए की खाल बरामद कर लिया गया। एक तेंदुए की खाल बड़ा है, जबकि एक का साइज छोटा है। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम व भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।