रायपुर

आउटरों में वाहनों की जांच, जागरूकता भी
28-Jan-2021 7:35 PM
आउटरों में वाहनों की जांच, जागरूकता भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जनवरी।
यातायात पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह अंतर्गत आउटरों में दोपहिया वाहनों की जांच की जाती रही। इस दौरान वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। बताया गया कि ड्यूटी लेट होने के चक्कर में वाहन लापरवाहीपूर्वक तेज रफ्तार ना चलाएं। नशे में वाहन ना चलाएं एवं वाहन चलाते समय हेलमेट लगाएं। यातायात नियमों का पालन ना करने पर चालानी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। 

यातायात पुलिस ने सडक़ सुरक्षा माह के दसवें दिन रशनी एवं कुम्हारी टोल नाका पर वाहनों की जांच करते हुए जागरूकता अभियान चलाया गया। जिंदल स्टील मंदिर हसौद में भी यातायात जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा ग्राम बैहर आरंग समेत और कुछ जगहों पर लोगों को यातायात नियमों के बारे में बताया गया। उप पुलिस अधीक्षक यातायात कामता सिंह दीवान ने ग्रामीणों को बताया  कि आपके ग्राम से राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरती है जिसमें प्रतिदिन लाखों की संख्या में भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। इस दौरान ग्रामीणों को विशेष सतर्कतापूर्वक वाहन चलाना अनिवार्य है। रोड पार करने वाले पैदल यात्रियों को रोड पार करने के पूर्व दाएं-बाएं देखकर रोड क्रॉस करना अनिवार्य है।
 
यातायात पुलिस अक्सर ने कहा कि गांव के दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट वाहन ना चलाएं। पिछले कुछ साल में हुई सडक़-दुर्घटनाओं का अवलोकन करने पर 50-60 प्रतिशत मृत्यु दोपहिया में बिना हेलमेट वाहन चलाने से हुई है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं और नशे में वाहन ना चलाएं। गांव वालों को यातायात नियमों से संबंधित जानकारी देते हुए प्रश्नोत्तरी भी कराया गया। सही जवाब देने पर उन्हें कप, हेलमेट देकर पुरस्कृत किया गया। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news