कोरिया

गोधन न्याय योजना : कोरिया जिले के गौठान बने छत्तीसगढ़ के मॉडल
05-Feb-2021 7:39 PM
गोधन न्याय योजना : कोरिया जिले के गौठान बने छत्तीसगढ़ के मॉडल

    समूहों की आजीविका के साधन बन रहे गौठानों में बने मल्टीयूटिलिटी सेंटर, हो रही सराहना    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरिया, 5 फरवरी। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौठानों को स्वावलंबी बनाने हेतु गोबर से वर्मी कम्पोस्ट व अन्य उत्पाद स्व-सहायता समूहों के माध्यम से तैयार कराकर स्व- अर्जित आय का स्त्रोत बढ़ाते हुए आदर्श गौठान के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर एसएन राठौर के मार्गदर्शन में कोरिया जिले के गौठानों में मल्टीयूटिलिटी सेंटर निर्मित कराये जा रहे हैं, जिनकी चौतरफा तारीफ हो रही है।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के कृषि विभाग द्वारा पत्र जारी कर प्रदेशभर के गौठानों में कोरिया जिले की तर्ज पर ही मल्टीयूटिलिटी सेंटर के निर्माण का निर्देश दिया गया है। मल्टीयूटिलिटी सेंटर के माध्यम से स्व-सहायता समूहों की आजीविका से संबंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का संचालन कर गौठानों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा सशक्त प्रयास किये जा रहे हैं। कलेक्टर राठौर ने गोधन न्याय योजना से जुड़े सभी विभागों को बधाई प्रेषित की है।

उन्होंने कहा कि राज्य शासन के मार्गदर्शन में गांवों की प्रगति हेतु इस योजना से संबंधित सभी विभागों द्वारा अथक मेहनत की जा रही है। गौठान परिसर को ग्रामीण आजीविका का केंद्र बनाने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम घुघरा और पुसला के गौठान में निर्मित मल्टीयूटिलिटी सेंटर में महिलाओं द्वारा फ्लाई ऐश ईंट, फेंसिंग पोल, चैन लिंक फेंसिंग एवं पेवर ब्लाक टाइल्स आदि का निर्माण किया जा रहा है। इन कार्यों को महिलाएं स्वयं कर रही हैं और इसके बाद निर्मित सामानों के विक्रय हेतु मार्केटिंग स्किल को भी बखूबी समझ रही हैं। इसके माध्यम से महिलाएं न सिर्फ आर्थिक रुप से सक्षम हो रही हैं, बल्कि उनमें व्यवसायिक समझ भी विकसित हो रही है। इस प्रकार कोरिया जिले के गौठान महिलाओं के लिए आजीविका के साधन बन रहे हैं।

सीएम के हाथों मल्टीयूटिलिटी सेंटर का उद्घाटन

कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम घुघरा और पुसला के गौठान में निर्मित मल्टीयूटिलिटी सेंटर का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 11 दिसंबर को उनके कोरिया प्रवास के दौरान किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले के मल्टीयूटिलिटी सेंटर की न केवल तारीफ की, बल्कि अन्य जिलों को भी इसी तरह की पहल के लिए प्रोत्साहित किया। इस सेंटर में 17 महिला स्व सहायता समूहों द्वारा फ्लाई एस, ब्रिक मेकिंग, पेवर ब्लॉक, चप्पल निर्माण, कृषि उपकरण केंद्र, जैविक दवाई केंद्र, राईस मिल, ई-रिक्शा जैसी आर्थिक गतिविधियों का काम चल रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी सुराजी गांव एवं गोधन न्याय योजना को संयुक्त रूप से गांवों के विकास और उन्नति की इबारत लिखी जा रही है।

स्व सहायता समूहों को हो रहा है आर्थिक लाभ

कोरिया जिले में 136 ग्रामीण क्षेत्रों एवं 7 नगरीय निकायों के गौठानों में अब तक 2 लाख क्विंटल से अधिक गोबर की खरीदी की जा चुकी हैं तथा 3 करोड़ से अधिक की राशि का भुगतान भी विक्रेताओं को किया जा चुका है। इस सेंटर में फेंसिंग पोल निर्माण से स्व सहायता समूहों को 34 लाख एवं चैनलिंक फैंसिंग से 27 लाख रुपए की आमदनी हुई है।

ग्राम घुघरा की महिला स्व सहायता समूहों द्वारा प्रतिदिन 4 हजार ईंटों का निर्माण किया जा रहा है, जिसे 3 रुपए ईंट की दर से बेचा जाता है। अब तक 50 हजार ईंटों का विक्रय समूह द्वारा किया जा चुका है। इसी तरह चप्पल निर्माण से महिलाओं को 1 लाख 35 हजार रुपए की आमदनी हुई है। गौठानों में प्राप्त गोबर से अब तक 24 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का निर्माण किया जा चुका है। जिसमें से 15 क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का विक्रय किया गया है। इसके जरिए ग्राम घुघरा के समूह को 15 हजार रुपए का लाभ हुआ है।

विधायक कमरो ने जताया आभार

सोनहत विकासखंड में बने मल्टीयूटीलिटी सेंटर छत्तीसगढ़ में मॉडल बनने पर सविप्रा उपाध्यक्ष विधायक गुलाब कमरो ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कलेक्टर कोरिया, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत सोनहत सीईओ सहित जिला प्रशासन टीम को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया है। विदित हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सोनहत प्रवास दौरान घुघरा आदर्श गोठान परिसर में 17 महिला स्व-सहायता समूह द्वारा निर्मित मल्टीयूटीलिटी सेंटर का अवलोकन किया गया था। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में पुसला-घुघरा गौठान में निर्मित मल्टीयूटीलिटी सेंटर की तर्ज पर निर्माण करने के निर्देश दिए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news