राजनांदगांव

नांदगांव जिला ग्रामीण कांग्रेस की नई टीम में सुदेश, अंजुम, रमेश उपाध्यक्ष, रईस संयुक्त महामंत्री व विमल सचिव नियुक्त
16-Feb-2021 2:08 PM
नांदगांव जिला ग्रामीण कांग्रेस की नई टीम में सुदेश, अंजुम, रमेश उपाध्यक्ष, रईस संयुक्त महामंत्री व विमल सचिव नियुक्त

जिलाध्यक्ष पदम कोठारी ने की जंबो कार्यकारिणी जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी।
राजनांदगांव ग्रामीण कांग्रेस की नई टीम की घोषणा कर दी गई है। सोमवार को जिलाध्यक्ष पदम कोठारी ने प्रदेश हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद जंबो कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। नई नियुक्तियों में उपाध्यक्ष और महामंत्री पद पर वरिष्ठ नेताओं को मौका दिया गया है। हालांकि उपाध्यक्ष और महामंत्री-संयुक्त महामंत्री और सचिव पद पर हुई ढ़ेरों नियुक्तियों को तुष्टीकरण की नीति से जोडक़र भी देखा जा रहा है। थोक के भाव में हुई नियुक्तियों में जिलाध्यक्ष कोठारी ने अपने पसंदीदा कार्यकर्ताओं को खास तवज्जो दी है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष नवाज खान समर्थकों का लगभग सफाया कर दिया गया है। नवाज खान के करीबी चुनिंदा पूर्व पदाधिकारियों को ही विशेष आमंत्रित सदस्य और कार्यसमिति मेंबर बनाया गया है। 

उपाध्यक्ष पद पर वरिष्ठ नेता अंजुम अल्वी समेत पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, रमेश जैन को नियुक्त किए गए हैं। अंजुम अल्वी 20 वर्ष से लगातार ग्रामीण कांग्रेस में उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। वह अविभाजित मध्यप्रदेश में युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भी रहे। राजनीतिक रूप से उनकी सक्रियता कांग्रेस में लगातार बनी रही है। आम लोगों के बीच उन्हें एक उदार चेहरे के रूप में गिना जाता है। वहीं पूर्व महापौर सुदेश देशमुख भी पहली बार उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। 

देशमुख कांग्रेस की सियासत में एक नामी चेहरे हैं। वह शहरी और ग्रामीण राजनीति में मजबूत पैठ रखते हैं। रमेश जैन भी उपाध्यक्ष नियुक्त होने के साथ लगातार संगठन में मिल रहे दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। वह पूर्व में जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री भी रहे हैं। कोषाध्यक्ष का भार मोतीलाल साहू को दिया गया है। संयुक्त महासचिव पद पर रईस अहमद शकील समेत 40 पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। 

श्री शकील छात्र राजनीति से आज पर्यन्त कांग्रेस में सक्रिय हैं। पूर्व जनपद सदस्य विमल अग्रवाल को भी सचिव बनाया गया है। वह ग्रामीण क्षेत्र में लंबे समय से कांग्रेस के रीति-नीति को बढ़ाने में सक्रिय रहे हैं। नई सूची में कुल 9 उपाध्यक्ष, 10 महामंत्री, 9 कार्य समिति सदस्य, 40 संयुक्त महासचिव के अलावा 41 सचिव बनाए गए हैं। सोमवार को जारी नई सूची में पुराने नेताओं को एक तरह से दोबारा संगठन में लिया गया है। संगठन में सचिव के रूप में  निखिल श्रीवास्तव, घसिया नाग, भरत टंडन, लक्ष्मी साहू, पूरन नेताम समेत अन्य लोगों की नियुक्ति की गई है। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news