राजनांदगांव

दिन में गायब हुई ठंड संग बाजार में पहुंचा घड़ा
16-Feb-2021 2:42 PM
दिन में गायब हुई ठंड संग बाजार में पहुंचा घड़ा

गर्मी की दस्तक के साथ बढ़ा रात का तापमान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 फरवरी।
फरवरी के पहले पखवाड़े में अब सर्द मौसम गर्म होने लगा है। दिन में बरकरार ठंड अब गायब हो गई है। दूसरे पखवाड़े में गर्म हुए मौसम से दिन और रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। बीते तीन दिनों से दिन में गर्मी की प्रारंभिक झलक दिख रही है। हल्की गर्म हवाएं चलने से भीषण गर्मी पडऩे के आसार दिख रहे हैं। दिन में ठंडी हवाओं की जगह अब गर्म हवाओं से चेहरों पर हल्का मार पड़ रहा है। रात के तापमान में भी बढ़त हुई है। दिन में जहां तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं रात के न्यूनतम पारा में भी वृद्धि हो रही है। 

इधर मौसम के रूख बदलते ही बाजार में मिट्टी के घड़े पहुंच रहे हैं।  कुम्हारों से घड़ों की पारंपरिक खेप की खरीदी की जा रही है। बाजार में घड़े सस्ते ही गर्मी के आगमन का संकेत दिखाई दे रहा है। इस बीच ठंडे पेयजल के कारोबार की शुरूआत भी हो गई है। गन्ना रस के शौकीन लोगों के लिए दुकानें लग गई है। गन्ना रस की मांग अभी से ही लोगों के बीच बढ़ी हुई है। आमतौर पर प्यासे गले को तर करने के लिए गन्ने रस की पारंपरिक मांग लोगों में रही है। गन्ना रस की मांग आने वाले दिनों में बढ़ती जाएगी। शहर के अलग-अलग दुकानों और होटलों में ठंडे पेयजल के लिए लोग बहुराष्ट्रीय कंपनियों के पेय पदार्थ पी रहे हैं। शहर के चौक-चौराहों में ठंडे पेय पदार्थ के साथ बर्फ की दुकानें भी सज गई है। 

इधर दिन और रात के तापमान बढ़ते ही बिजली की खपत भी बढ़ी है। घरों में अब रात को पंखे भी चलने शुरू हो गए हैं। वहीं कूलर और एसी की खरीददारी में भी मामूली बढ़ोत्तरी होने लगी है। बताया जा रहा है कि इस बार भीषण गर्मी पडऩे का अंदेशा मौसम विभाग ने जताया है। मार्च के आखिरी सप्ताह तक मौसम विभाग ने रात के तापमान में गिरावट बरकरार रहने की उम्मीद जताई है। अप्रैल माह में गर्मी अपने उग्र तेवर से लोगों के पसीने छुड़ाएगी। गुजरे साल कोरोना के चपेटे में बीत गया। लिहाजा घरों में रहने के कारण लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ। हालांकि बीते साल अप्रैल-मई माह में मौसम विपरीत रहा। दोनों माह में औसतन हर दिन शाम को गरज-बरज के साथ बारिश भी हुई। वहीं बेमौसम ओले भी गिरे। इस साल तेज धूप के साथ पारा 45 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। बताया जा रहा है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह में जिस तरह से मौसम का मिजाज बदला है। उससे तेज गर्मी पडऩे का अंदेशा जताया जा रहा है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news