राजनांदगांव

वाहन को रस्सी से खींचकर युकां का प्रदर्शन
18-Feb-2021 3:57 PM
वाहन को रस्सी से खींचकर युकां का प्रदर्शन

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम को लेकर जताया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 फरवरी।
पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में शहर के मुख्य मार्गों से चार पहिया वाहन को रस्सी से खींचकर युवक कांग्रेस ने बुधवार को रैली निकाली।
प्रदेश युकां अध्यक्ष पूर्णचंद पाढ़ी एवं छग प्रभारी व राष्ट्रीय युवा कांग्रेस महासचिव संतोष कुलकुंडा एवं एकता ठाकुर के निर्देशानुसार तथा कांग्रेस नेता जितेन्द्र मुदलियार के मार्गदर्शन व प्रदेश युकां सचिव सुनील आहूजा एवं युकां के विधानसभा अध्यक्ष चेतन भानुशाली के नेतृत्व में पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि के विरोध में राजनांदगांव युवा कांग्रेस ने चार पहिया वाहन को रस्सी से खींच कर शहर के मुख्य मार्गों में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

युकां के विस अध्यक्ष चेतन भानुशाली ने कहा कि केंद्र सरकार की लगातार विफलताओं के बाद भी जनता को प्रताडि़त करने का कार्य किया जा रहा है। पिछले कई वर्षों से लगातार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, लेकिन मोदी सरकार को आम जनता का दर्द नहीं दिख रहा है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों को घटाने का वादा किया था, लेकिन 6 वर्ष में आज तक सबसे ज्यादा दाम बढ़ा है। छ: वर्ष में सरकार ने जितनी भी योजनाएं चलाई, सभी योजनाओं को जनता ने अस्वीकार कर दिया है। युकां के पदाधिकारियों ने गुस्से के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

युकां प्रदेश सचिव सुनील आहूजा ने कहा कि आज देशभर की अर्थव्यवस्था पेट्रोलियम पदार्थों में हुए मूल्य वृद्धि के कारण जनता की कमर टूट सी गयी है। जबकि कच्चे तेल के दामों की कीमत बहुत ही ज्यादा कम है। आज देश में सारे टैक्स लगाकर भी 60 रुपए लीटर पेट्रोल बेचा जाए तो भी रोज अरबों का फायदा सरकार को होगा, लेकिन सरकार ने अंबानी के रिलायंस पेट्रोल पंप को फायदा पहुंचाने इस तरह का हथकंडा अपना रही है। आज भारत की अर्थव्यवस्था में पेट्रोलियम पदार्थों मेें वृद्धि के कारण चरमरा गयी है। तत्काल मोदी सरकार को इस ओर ध्यान देकर बढ़ी हुई पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम किया जाना चाहिए। 

इस दौरान राजिक सोलंकी, नितिन बत्रा, प्रीति वैष्णव, हिमानी वासनिक, निखत प्रवीण, पींकू खान, अमित कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में युकां कार्यकर्ता मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news