राजनांदगांव

पद्मश्री फूलबासन द्वारा कौन बनेगा करोड़पति में जीती राशि से बनेगा महिला आश्रय व प्रशिक्षण केन्द्र
19-Feb-2021 3:49 PM
पद्मश्री फूलबासन द्वारा कौन बनेगा करोड़पति में जीती राशि से बनेगा महिला आश्रय व प्रशिक्षण केन्द्र

एकता रखकर साथ बढऩा बहुत जरूरी- श्रीवास्तव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 फरवरी।
एनएमडीसी के सलाहकार एवं छग शासन के पूर्व प्रमुख सचिव दिनेश श्रीवास्तव तथा कलेक्टर टीके वर्मा ने ग्राम चवेली में मां बम्लेश्वरी जनहितकारी समिति महिला आश्रय एवं प्रशिक्षण केन्द्र निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। 

मां बम्लेश्वरी जनहितकारी समिति अध्यक्ष पद्मश्री फूलबासन यादव द्वारा महिला सशक्तिकरण तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से टेलीविजन कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति में जीती राशि से लगभग 2 एकड़ क्षेत्र में महिला आश्रय एवं प्रशिक्षण केन्द्र का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर अतिथि द्वारा बालिकाओं को आत्मसुरक्षा के लिए कराटे कौशल तथा विभिन्न कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पूर्व प्रमुख सचिव श्री श्रीवास्तव ने कहा कि हमारे देश का भविष्य हमारे बच्चों पर निर्भर है। उन्हें सशक्त और ताकतवर बनाना जरूरी है। जीवन में परेशानियां, तकलीफ  आने पर भी इससे घबराना नहीं है, बल्कि इन परेशानियों को हराते हमें जीतना है। उन्होंने कहा कि आपस में एकता रखना बहुत जरूरी है, जब तक आपस में एकता है, तब तक हमारे पास ताकत है और यह ताकत मां बम्लेश्वरी स्वसहायता समूह में है। एकता रखना और एकता के साथ आगे बढऩा बहुत जरूरी है। महिला स्वसहायता समूह द्वारा पिछले वर्षों से लगातार मेहनत किया गया है। जिसका परिणाम है कि सभी महिलाएं आज सशक्त है। 

कलेक्टर टीके वर्मा ने कहा कि वर्ष 2002-03 में स्वसहायता समूह प्रारंभ हुआ था, लेकिन आज इस समूह का विस्तार अधिक क्षेत्रों में हुआ है। शासन की अनेक योजना समूह के माध्यम से ही की जा रही है। गरीब उन्मूलन से लेकर आर्थिक सशक्तिकरण के कार्य महिला स्वसहायता समूह के माध्यम से हो रहा है। 

पद्मश्री फूलबासन यादव ने कहा कि मिट्टी भी सोना का रूप ले सकती है। मां बम्लेश्वरी स्वसहायता समूह की बेटियां आत्म सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि समाज में अज्ञानता दूर करने समूह की महिलाएं इसमें लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला आश्रय और प्रशिक्षण केन्द्र निर्माण किया जा रहा है। 

कार्यक्रम में मां बम्लेश्वरी स्वसहायता समूह के जिला कार्यक्रम समन्वयक शिव कुमार देवांगन, सुनील कुमार, डालेश्वर साहू, विनोद साहू, निरंजन साहू, पुष्पा साहू, पद्मा वर्मा, गनिया साहू, खिलेश्वरी साहू, अगसिया साहू, मधुरिका रामटेके, गोदावरी निषाद, ममता चंद्रवंशी तथा विभिन्न विकासखंडों के मां बम्लेश्वरी स्वसहायता समूह की महिलाएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news