बलौदा बाजार

महिलाओं पर बढ़ते अपराध के विरोध में धरना-प्रदर्शन
21-Feb-2021 7:06 PM
 महिलाओं पर बढ़ते अपराध  के विरोध में धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 21 फरवरी। महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार और अपराध के विरोध में शनिवार को जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के स्थानीय गार्डन चौक में भाजपा महिला मोर्चा ने धरना प्रदर्शन किया और पैदल मार्च कर राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार बलौदाबाजार को ज्ञापन सौंपा। साथ ही तत्काल पीडि़तों को राहत दिलाने के साथ महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर अंकुश लगे इसके लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदारी पूर्वक सुरक्षा प्रदान करने की मांग की।

महिलाओं को संबोधित करते हुईं महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री श्याम बाई साहू ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षित बता रही है, जबकि हर दिन दर्जनों ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। जो महिलाओं पर अत्याचार और अपराध के हैं। मातृशक्ति को अब अपनी हुंकार भरकर इस कुंभकर्णी निंद्रा में सोई सरकार को जागृत करना होगा। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े ने मातृशक्ति स्वाभिमान मार्च व धरना-प्रदर्शन में कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण ही महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। जांगड़े ने महिलाओं को जागृत करते हुए कहा कि संगठन में शक्ति होती है, आप सभी संगठित होकर जब सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सडक़ पर उतरेंगी तो समाज जागेगा और सरकार की नीति अपने आप बदलेगी।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. अजय राव ने बताया कि सदन में सरकार ने स्वीकार किया कि राज्य में एक जनवरी 2019 से 31 जनवरी 2020 तक डकैती, लूट, हत्या, दुष्कर्म और अन्य अपराधों के 17,009 मामले सामने आए हैं। इस दौरान यहां केवल दुष्कर्म के ही 2,575 मामले प्रकाश में आए हैं। यानी दुष्कर्म की लगभग 7 घटनाएं रोज सामने आ रही हैं। एक अन्य नए आंकड़े के अनुसार पिछले दो वर्ष में 5347 दुष्कर्म और 4038 अपहरण के मामले सामने आए हैं। यहां फिर यह दोहराना होगा कि ये आंकड़े तो वे हैं जो दर्ज हुए हैं। जिन वारदातों को प्रदेश भर में दर्ज ही नहीं किया जाता है, उसकी तो सिर्फ कल्पना ही की जा सकती है। हर तीन घंटे में अनाचार का मामला सामने आना वास्तव में भयावह है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news