सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 फरवरी। सूरजपुर जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं अविभाजित सरगुजा के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बलराम मुखर्जी का कल देर रात निधन हो गया। आज उनके निवास बाबूपारा में पहुंच कर कांग्रेसजनों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
औषधि एवं पादप विकास बोर्ड के अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने सरगुजा राज परिवार की ओर से पुष्पचक्र समर्पित किया। उन्होंने कहा कि राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव के कार्यकाल में हम सब ने एक साथ कांग्रेस के लिए कार्य किया, बचपन से अब तक साथ रहे हैं, स्कूल के मित्र और राजनीति में भी एक साथी के तौर पर न सिर्फ मैंने बल्कि कांग्रेस ने एक ऊर्जावान नेता को खोया है।
सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से पुष्पचक्र समर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहीं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं सूरजपुर जिले के प्रभारी डॉ जे.पी.श्रीवास्तव ने सूरजपुर के कांग्रेसजनों की ओर से पुष्पचक्र समर्पित की।
इस दौरान उन्हें कांग्रेस के ध्वज से ढक कर अंतिम यात्रा पर ले जाया गया। कांग्रेस कमेटी से महापौर डॉ अजय तिर्की, प्रदेश महासचिव द्वितेन्द्र मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, बंटी शर्मा, बिजेंद्र गुप्ता, अनिल चन्द्र शुक्ल, इंद्रजीत सिंह धंजल, प्रभात रंजन सिन्हा, संजय सिंह, चुनमुन तिवारी, शिवेश सिंह बाबू, चंद्रप्रकाश सिंह, दिनेश शर्मा, कमल सेन, विकास शर्मा सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन उनके निवास पर तथा अंतिम यात्रा में पहुंचे।